bhaskar Web English
HomeNewsMetrosBhopal Bhopal

स्कूलों की दूरी नहीं बनेगी रोड़ा

गुना. ग्रामीण क्षेत्रों में बच्चों को पढ़ाई जारी रखने में स्कूलों की दूरी समस्या नहीं बनेगी। शासन ने इस समस्या से निबटने के लिए (एसएसए-२) सर्व शिक्षा अभियान में संशोधन कर सर्व शिक्षा अभियान २ योजना लागू करने की तैयारी कर रहा है। योजना पर युद्घस्तर पर काम भी शुरू हो चुका है। प्रदेश के सभी विद्यालयों से शासन द्वारा जानकारी मंगाई गई है।

योजना का उद्देश्य आठवीं पास के बाद स्कूलों की दूरी के कारण पढ़ाई छोड़कर घर बैठने वाले छात्र-छात्राओं की पढ़ाई जारी रख उन्हें उच्च शिक्षा सुविधा मुहैया कराना है। विभाग ने इस पर युद्घस्तर पर काम भी शुरू कर दिया है। लोकशिक्षण संचालनालय भोपाल ने प्रदेश के सभी जिलों में स्कूलों की स्थिति की जानकारी जल्द भेजने की हिदायत दी है। अधिकांश स्कूलों ने जानकारी भेज भी दी है। डीपीसी (जिला परियोजना समन्वयक) शिरोमणि दुबे ने बताया कि योजना के तहत पांच किलोमीटर के दायरे में एक हाईस्कूल खोला जाएगा। यह स्कूल इंफ्रास्ट्रक्चर, पाठच्यसामग्री, लैब सहित सभी सुविधाओं से लैस होंगे। विद्यालयों में शिक्षकों की कमी को पूरा करने के लिए शिक्षकों की भर्ती भी की जा रही है। इसके तहत मिडिल स्कूलों का उन्नयन कर उन्हें हाईस्कूल में बदला जाएगा। हाईस्कूल की सभी सुविधाएं भी उपलब्ध कराई जाएंगी। आगामी सत्र में इस योजना को अमलीजामा पहनाया जाएगा।

सर्वे का काम पूरा

जिला परियोजना समन्वयक श्री दुबे ने बताया कि योजना के तहत सर्वे का काम पूरा हो चुका है। शासन द्वारा मांगी गई जानकारी भी भेज दी गई है। शुरुआती दौर का काम लगभग पूरा हो गया है। इसके तहत प्रस्तावित हाईस्कूलों की जानकारी भी शासन को भेजी जा चुकी है। शासन के आदेश के बाद इस पर कार्यवाही विधिवत शुरु हो जाएगी।

नया क्या है:पहले सर्व शिक्षा अभियान के तहत आठवीं कक्षा तक के स्कूल ही थे। योजना में दसवीं तक को भी जोड़ दिया गया है। जिस प्रकार पहले आठवीं तक स्कूलों का विकास किया गया था, ठीक उसी तर्ज पर हाईस्कूल में शिक्षकों की भर्ती के साथ सभी सुविधाएं भी उपलब्ध कराई जाएंगी। इससे विद्यार्थियों को उच्च शिक्षा के लिए कहीं भटकना नहीं पड़ेगा।





अपने विचार यहां लिखें
नाम:
ईमेल आईडी:
भाषा चुनॆ
हिन्दी रॊमन‌ हिन्दी फॊनॆटिक English
विचार:
कोड: