इंदौर. भाजपा की प्रदेश सरकार की बुराईयां उजागर करने के लिए महू नाके पर लगाया कांग्रेस का मंच तीन बार टूटा। इससे शहर अध्यक्ष प्रमोद टंडन व दो कार्यकर्ताओं को चोट भी लगी। बाद में वरिष्ठ नेताओं ने कुर्सियों पर बैठकर धरना दिया।
धरना सुबह 9.30 बजे शुरु हुआ और मंच पर इतने कांग्रेसी जुटे कि सुबह 10.15 बजे मंच का बांया हिस्सा टूटा। तब सभी संभल गए। दस मिनट बाद उसी तरफ एक हिस्सा और टूटा लेकिन किसी को चोट नहीं आई। पंद्रह मिनट ही गुजरे थे कि मंच का दाहिना हिस्सा पूरा गिर गया। इसके साथ गिरे शहर अध्यक्ष के पैर में चोट आई। मंच के नीचे बैठे बाल्दा कॉलोनी निवासी अशोक के सिर में चोट लगी।
उसके सिर से खून बहता देख प्रवक्ता राजेश चौकसे व भारतसिंह रघुवंशी अस्पताल ले गए। फिर नेताओं को कुर्सी पर बैठाकर भाषण शुरू करवाए। आधा घंटा भी नहीं बीता था कि तेज हवा में मंच का ऊपरी हिस्सा उड़ा और बुद्धनगर निवासी ज्योतिबाई के सिर पर पाइप आ गिरा। उनके सिर से खून बहता देख उन्हें भी अस्पताल पहुंचाया गया। बार-बार मंच टूटने पर सभी की नजरें धरना प्रभारी भंवर शर्मा की ओर लगी रहीं।
लद गए भाजपा सरकार के दिन
भाषण में पूर्व मंत्री बाला बच्चन ने कहा प्रदेश में भाजपा सरकार के दिन लद गए हैं। जनता परेशान है और अगले विधानसभा चुनाव में कांग्रेस ही जीतेगी। कार्यकर्ता अपना जोश व उत्साह कम न होने दें। पूर्व मंत्री सज्जनसिंह वर्मा ने कहा चुनाव के दौरान हम भाजपा की चाल, चेहरा व चरित्र जनता के सामने रखेंगे। अध्यक्ष श्री टंडन ने कार्यकर्ताओं से अनुशासन में रहकर गरीब, बेसहारा व झुग्गी-झोपड़ीवासियों की मदद करने का आग्रह किया। विधायक तुलसी सिलावट ने कहा साढ़े चार साल में भाजपा सरकार ने जनता को छला ही है। मुख्यमंत्री सपने दिखाते रहे और मंत्री भ्रष्टाचार कर कमाते रहे। संचालन नरेंद्र सलूजा ने और आभार प्रदर्शन दिलीप मेहता ने किया।