HomeNewsMetrosIndore Indore

प्रोफेसर दहेज प्रताड़ना में गिरफ्तार

इंदौर. पलासिया क्षेत्र में ब्याही कानपुर की एक युवती की शिकायत पर उ.प्र. पुलिस उसके ससुर (रिटायर्ड प्रोफेसर) व सास को दहेज प्रताड़ना के मामले में गिरफ्तार कर कानपुर ले गई। सहआरोपी पति, देवर व ननद फरार हैं। युवती के भाई ने बताया तीन लाख रुपए की मांग करते हुए ससुराल वाले बहन से मारपीट करते थे।

96, लालारामनगर में रहने वाले यूनिवर्सिटी से सेवानिवृत्त प्रोफेसर हरनाथ दीक्षित और उनकी पत्नी मंजू को गुरुवार सुबह उ.प्र. पुलिस ने गिरफ्तार किया। उनकी बहू शालिनी ने 1 मई 2008 को कानपुर के किदवईनगर थाने में सास-ससुर, पति अभय, देवर अनुज व ननद अलका के खिलाफ दहेज प्रताड़ना की शिकायत की थी। पलासिया पुलिस के मुताबिक बुधवार रात किदवईनगर के थानेदार मनोजकुमार मिश्र, एसआई शौकतअली खान, आरक्षक निर्मला, मनोज व रविशंकर की टीम इंदौर पहुंची और सास-ससुर को गिरफ्तार कर गुरुवार दोपहर कानपुर के लिए रवाना हो गई। अभय मुंबई की कंपनी पॉर्टिको फैब्रिक्स की दिल्ली ब्रांच में मार्केटिंग मैनेजर है।

अनुज व अलका के अहमदाबाद में होने की सूचना है। उनकी गिरफ्तारी के लिए दल भेजे जा रहे हैं। उ.प्र. पुलिस के साथ आए शालिनी के भाई आशीष अवस्थी ने बताया बहन की शादी 5 मई 2003 को हुई थी। शादी के बाद से ही ससुराल वाले दहेज में तीन लाख रुपए देने की मांग कर रहे थे। वे लोग कभी कहते शादी कानपुर के स्टैंडर्ड से नहीं हुई तो कभी कहते कुछ तो और करो।

पीट-पीटकर अधमरा कर दिया था

आशीष ने बताया शादी के डेढ़ साल तक ससुराल वालों ने शालिनी को हमसे मिलने नहीं दिया। मई 2005 में उन्हें पड़ोसियों से पता चला शालिनी की हालत बहुत खराब है। उसे पति, सास-ससुर, देवर और ननद ने इतना पीटा गया कि कान दो जगह से कट गया। ससुराल वालों ने इलाज भी नहीं कराया। इस पर आशीष समाजवालों और पड़ोसियों की मदद से बड़ी मुश्किल से शालिनी को साथ ले गया। तब पता चला शालिनी को तीन माह का गर्भ था, बाद में उसकी डिलीवरी भी मायके में ही हुई लेकिन ससुराल से कोई नहीं आया। हमने समझौते की काफी कोशिश की लेकिन अभय ने शालिनी को दिल्ली ले जाने से मना कर दिया। इस पर 1 मई 2008 को शालिनी ने किदवई थाने में प्रकरण दर्ज कराया।

हमारा आपसी मामला है- आप बाहर रहें

पुलिस हिरासत में शालिनी के सास-ससुर से बात करने की कोशिश की गई तो उन्होंने आपसी मसला बताकर बात नहीं की। उनका कहना था पुलिस ने दबाव में मामला बनाया है हम इससे निपट लेंगे, आप बाहर रहें।





अपने विचार यहां लिखें
नाम:
ईमेल आईडी:
भाषा चुनॆ
हिन्दी रॊमन‌ हिन्दी फॊनॆटिक English
विचार:
कोड: