इंदौर. एक रिश्तेदार की बरात से लौट रही युवती ने चलती बस से हाथ बाहर निकाला और पीछे से आ रही एक मिनी ट्रक की टक्कर से वह उखड़ गया। गंभीर हालत में परिजन ने उसे अस्पताल पहुंचाया लेकिन उसे बचाया नहीं जा सका।
चंदननगर की रहने वाली शब्बो पिता चांद खां (20) इस घटना की शिकार हुई। एसआई एफएम कुरैशी ने बताया बुधवार रात शब्बो एक रिश्तेदार की बरात के साथ सनावद से इंदौर लौट रही थी। वह बस की आखिरी की सीट पर बैठी थी। रात 11 बजे के करीब बस आसाराम बापू चौराहे से निकली। इस बीच शब्बो ने खिड़की से हाथ बाहर निकाला, तभी पीछे से आ रहे मिनी ट्रक की टक्कर से हाथ उखड़ गया। इस घटना को जिसने भी देखा सिहर उठा।
लहूलुहान हालत में उसे परिजन एमवायएच ले गए। पर खून अधिक बह जाने से डॉक्टर उसे बचा नहीं पाए। घंटेभर बाद उसकी मौत हो गई। परिजन ने बताया छह महीने बाद शब्बो की शादी होने वाली थी। पुलिस ने मर्ग कायम कर शव का पोस्टमार्टम कराया। सदमे के कारण उसके परिजन बयान नहीं दे पाए। आरोपी मिनी ट्रक चालक के विरुद्ध मुकदमा कायम कर लिया गया है।