इंदौर.
जिला योजना समिति की बैठक में पानी के मुद्दे पर प्रदेश क गृहमंत्री व जिले के प्रभारी हिम्मत कोठारी और विधायक तुलसी सिलावट में गर्मा-गर्म बहस हुई। शुरुआत हुई गांवों में जलसंकट के बाद भी नलकूप खनन नहीं होने को लेकर। कुछ देर सुनकर मंत्री ने तल्ख लहजे में कह दिया अब इस पर कोई बहस नहीं होगी जबकि विधायक बहस की मांग पर अड़े रहे।
कलेक्टोरेट सभाकक्ष में गुरुवार को आयोजित बैठक में श्री सिलावट ने बताया कि जिले के 631 गांवों में जलसंकट है और 1,266 हेंडपम्प में से 1,160 का जलस्तर गिर गया है। 147 नए हेंडपम्प खोदने की मंजूरी के बाद भी काम शुरू नहीं हुआ। क्या लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग बरसात में शुरू करेगा? इस पर कार्यपालन यंत्री जगदीश भाटिया ने बताया लोहे के भाव बढ़ने के कारण पुराने टेंडरों पर काम शुरू नहीं हो सका। अब नए रेट पर ठेके दिए हैं इसलिए जल्दी शुरू हो जाएगा।
विधायक ने फिर कहा लोग परेशान हो रहे हैं और अधिकारियों को पता नहीं काम कब पूरा होगा। तब मंत्री बोले अधिकारियों को भी बोलने दें, उनकी समस्या भी सुनना होगी। इसके बाद भी बहस नहीं थमी तो उन्होंने विधायक को कह दिया अब इस मुद्दे पर कोई बहस नहीं होगी। विधायक भी अड़ गए और कहा पानी के मुद्दे पर कोई राजनीति नहीं कर रहा है। अधिकारियों से जवाब तो लेना ही होगा। सांसद सुमित्रा महाजन ने भी उनकी बात आगे बढ़ाते हुए अधिकारियों से नलकूप खनन की मंजूरी और लगने का समय बताने को कहा,तब अगले मुद्दे की बारी आई। बैठक में ज्यादातर समय श्री सिलावट ही बोलते रहे, तो पार्षद चंदू शिंदे ने कहा पूरे समय सांवेरके बारे में ही सुनेंगे या दूसरे मुद्दों पर भी बात होगी।
कम ब्याज दर से बढ़ेगा ऋण वितरण -आईपीसी
इंदौर प्रीमियर को-ऑपरेटिव बैंक के अध्यक्ष कैलाश पाटीदार ने बताया छोटे किसान खरीफ-2007 का ऋण चुकाएंगे तो उन्हें 5 प्रतिशत ब्याज पर कर्ज मिल सकेगा। ड्यू डेट तक ऋण नहीं चुकाया तो सस्ती ब्याज दर का लाभ नहीं मिलेगा। प्राथमिक कृषि साख संस्थाए कम ब्याज दर पर ऋण दे रही हैं इससे ऋण वितरण बढ़ेगा। प्रबंध संचालक डॉ. के.एन. त्रिपाठी ने बताया ऋण माफी की जो भी योजना सरकार घोषित करेगी, उसका लाभ किसानों को दिया जाएगा।
स्कूलों में भर दें अनाज
श्री कोठारी ने बताया पिछले साल समर्थन मूल्य पर 52 हजार मीट्रिक टन अनाज की खरीदी हुई थी लेकिन इस साल 15.5 लाख टन खरीदा जा चुका है और खरीदी जारी है। यह गर्व की बात है। बारदान उपलब्ध नहीं होने पर उन्होंने कहा स्कूलों के खाली कमरों में अनाज रखने की स्वीकृति दे दी है।
सांवेर में आंगनवाड़ी ज्यादा क्यों
विधायक मनोज पटेल ने पूछा सांवेर में 15 आंगनवाड़ी है और देपालपुर में एक भी नहीं। इस पर महिला बाल विकास अधिकारी डॉ. मंजूला तिवारी ने बताया वहां भी 12 स्वीकृत हैं। उन्होंने फिर सवाल किया सांवेर में ज्यादा क्यों? इस पर कलेक्टर ने कहा अभी कोई मंजूरी नहीं हुई है। प्रस्ताव ही बने हैं।
बैठक के बाद अधिकारी पर भड़के विधायक
बैठक के बाद विधायक अश्विन जोशी पीएचई केश्री भाटिया पर जमकर बरसे। दरअसल जिला पंचायत अध्यक्ष योगिता चौधरी अपनी उपेक्षा को लेकर उन पर नाराज हो रही थीं। तभी विधायक पहुंचे और बरसने लगे। श्री भाटिया की सफाई थी हमारे बीच ऐसी बातचीत होती रहती है।