News
Chhattisgarh
Raipur Raipur रायपुर. हीरापुर-तेंदुआ मार्ग पर स्थित हर्ष कांप्लेक्स की छत पर सो रहे आनंदपुरी गोस्वामी (35) नामक युवक की किसी ने गला दबाकर हत्या कर दी। उरला पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। इस हत्याकांड का फिलहाल कोई सुराग नहीं मिला है। मृतक आनंद गोपालगंज बिहार का रहने वाला था। वहां यहां पांच सालों से रह रहा था।
वह हर्ष कांप्लेक्स के पास चाय भजिए का होटल चलता था। सालभर से वह झोपड़ी बनाकर रह रहा था और साथ में कांप्लेक्स की चौकीदारी भी करता था। हर दिन की तरह आज सुबह जब कांप्लेक्स के मालिक रामकुमार दुबे वहां पहुंचे। किसी ने उन्हें बताया कि आनंद खून से लथपथ छत पर पड़ा है तो उनके होश उड़ गए। उन्होंने तत्काल उरला पुलिस को फोन पर इसकी सूचना दी।
उरला टीआई बीएस जागृत ने बताया कि युवक का शव छत पर अस्त-व्यस्त हालत में पड़ा था। मृतक के गले समेत शरीर के कई हिस्से में जख्म के निशान पाए गए। मृतक की जीभ भी बाहर निकली हुई थी। पुलिस को शक है कि किसी रंजिश के चलते लाठी-डंडे से लैस दो-तीन युवकों ने उसे छत पर घेरा होगा। पहले उसकी बेदम पिटाई की। इसके बाद दो युवकों ने उसे जकड़ा होगा और एक ने गला दबाकर उसे मार डाला। उसकी हत्या करने के बाद आरोपी शव पर चादर ओढ़ाकर भाग गए।
पुलिस ने मौके की औपचारिकता पूरी की और शव दोपहर बाद पोस्टमार्टम के लिए डा. आंबेडकर अस्पताल रवाना कर दिया। इधर, उरला पुलिस ने हत्या का जुर्म दर्ज कर आसपास के लोगों से पूछताछ शुरू कर दी। पुलिस को पता चला है कि पोषण निषाद नाम का एक फैक्ट्री श्रमिक उसके साथ छत पर सोता था। फिलहाल वह गायब है, पुलिस उसकी तलाश में जुट गई है। पुलिस ने बताया कि मृतक की एक दशक पहले शादी हुई थी। उसकी पत्नी की मौत हो चुकी है। वह यहां अकेला ही रहता था। उसका रिश्तेदार शिवजीपुरी गोस्वामी भिलाई में रहता है। बीएसपी के इस रिटायर्ड कर्मचारी के अलावा गोपालगंज में रहने वाले उनके परिजनों को पुलिस ने घटना की जानकारी दे दी है।