bhaskar Web English
HomeNewsChhattisgarhRaipur Raipur

धूलभरे अंधड़ के बाद बौछार

रायपुर. उड़ीसा पर सक्रिय कम दबाव के क्षेत्र की वजह से राज्य के कई हिस्सों में दोपहर के बाद अंधड़ चला। कहीं-कहीं बौछारें पड़ीं। कुम्हारी और आसपास चार-पांच मिनट तक अंधड़ के साथ तेज बारिश हुई। राजधानी में धूल भरी हवा चली। इसमें थोड़ी ठंडक भी थी। लालपुर मौसम विज्ञान केंद्र के निदेशक एमएल साहू ने बताया कि अगले 24 घंटों के दौरान मौसम कुछ खुश्क हो जाएगा। दोपहर का तापमान फिर 43 डिग्री के आसपास रहेगा। शाम को कहीं-कहीं तेज हवा के साथ बूंदाबांदी हो सकती है।

राजधानी में आज सुबह से आसमान साफ रहा। जैसे-जैसे दिन चढ़ा, गर्मी भी बढ़ती गई। सुबह 10 बजे से ही गर्म हवा चली। दोपहर 12 बजे के आसपास तेज गर्मी महसूस की जाने लगी। इसके बाद हल्के बादल नजर आए और पारे की तेजी कुछ थमी। बादलों की वजह से ही अधिकतम तापमान बुधवार के मुकाबले करीब एक डिग्री गिरकर 42.4 डिग्री दर्ज किया गया।

राजधानी से लगे कस्बों जैसे कुम्हारी और माना वगैरह में शाम 4 बजे से ही मौसम बदलने लगा। शाम करीब 5.30 बजे टाटीबंध से कुम्हारी तक तेज बौछारें पड़ीं। रायपुर में इसी समय धूल भरा अंधड़ चला। एक-दो जगह बूंदाबांदी भी हुई। आसपास अच्छी बारिश होने की वजह से रायपुर में चली हवा में थोड़ी ठंडक भी महसूस की गई। गर्मी से उबलते शहर को इससे थोड़ी राहत मिली।

आज दोपहर माना में अधिकतम तापमान 42.6 और न्यूनतम 28.5 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया। अंबिकापुर में तापमान 39.5 और 26 डिग्री सेल्सियस रहा। जगदलपुर इलाके में दिन का तापमान जहां 40.1 रहा, वहीं रात नरम (24.2 डिग्री) रही। बिलासपुर इलाके में थोड़ी गर्मी बरकरार है। पेंड्रा में अधिकतम तापमान 40.1, रायगढ़ में 43.3 और जांजगीर-चांपा 43 डिग्री सेल्सियस रहा। मौसम विभाग के अनुसार चक्रवात का प्रभाव बहुत ज्यादा समय तक नहीं रहेगा। शुक्रवार को इसके कमजोर पड़ने की संभावना है। गर्मी के दिनों में हवा में नमी की मात्रा कम रहती है इस वजह से चक्रवात का असर कम होता है। अगले 1-2 दिनों में रायपुर के आसपास हल्के या मध्यम बादल छाए रहने की उम्मीद है। शाम को तेज हवा के साथ हल्की वर्षा हो सकती है।

रात हुई गर्म

मैदानी इलाकों में दिन के साथ-साथ रात भी गर्म होने लगी है। रायपुर में कल रात न्यूनतम तापमान 30.8 डिग्री रिकार्ड किया गया। रात 3 बजे तक हवा में गर्मी महसूस की जाती रही। हल्के बादल रहने से थोड़ी उमस भी महसूस की गई। मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि रात में बादल रहने से तापमान में थोड़ा इजाफा तो होगा ही, उमस भी बेचैन करेगी। अगले तीन-चार दिन तक रात का तापमान लोगों को परेशान कर सकता है।





अपने विचार यहां लिखें
नाम:
ईमेल आईडी:
भाषा चुनॆ
हिन्दी रॊमन‌ हिन्दी फॊनॆटिक English
विचार:
कोड: