HomeNewsMetrosJaipur Jaipur

जयपुर सीरियल ब्लास्ट : उठने लगा नकाब

जयपुर.जयपुर पुलिस ने जिस संदिग्ध का सबसे पहले स्केच जारी किया उसे विस्फोट से दो दिन पहले एक महिला के साथ उदयपुर में देखा गया था। भास्कर ने उस महिला का भी स्केच बनवाया। आतंकियों के चेहरों से नकाब धीरे-धीरे उठता जा रहा है। पुलिस और इंटेलीजेंस जांच के साथ भास्कर ने भी पत्रकारिता के दायरे में रहकर करवाया समानांतर इन्वेस्टिगेशन।

सुराग १ : धमाकों से पहले उदयपुर में था संदिग्ध?

जयपुर में मंगलवार को हुए सीरियल ब्लास्ट के बाद पुलिस द्वारा जारी स्केच से मेल खाते युवक और उसके साथ एक महिला को रविवार शाम उदयपुर के समोरबाग रेस्तरां में देखा गया था। रेस्तरां संचालक ने अखबारों में स्केच देखने के बाद यह बताया। रविवार शाम रेस्तरां में मौजूद युवकों ने भी इसकी पुष्टि की। भास्कर ने रेस्तरां मालिक से बातचीत के आधार पर उस संदिग्ध महिला का स्केच तैयार करवाया। गुरुवार शाम को पुलिस ने भी रेस्तरां संचालक से पूछताछ शुरू कर दी। पुलिस जांच कर रही है कि ये दोनों कहां-कहां गए और किस-किस से मिले थे। रेस्तरां संचालक कमल जोशी ने बताया कि संदिग्ध युवक के साथ लगभग 30 वर्षीय महिला थी जिसने साड़ी पहन रखी थी और चल नहीं पा रही थी। जैसे उसने पहली बार साड़ी पहनी हो। थोड़ी ही देर बाद युवकों की मौजूदगी के बावजूद उस महिला ने खुली झौपड़ी में ही साड़ी बदलकर सूट पहन लिया और पानी पीकर चले गए।

रविवार शाम करीब चार बजे, जब वे अपने आठ-नौ दोस्तों के साथ रेस्तरां में बैठे थे, तब एक युवक और एक महिला वहां आए। महिला की उम्र करीब 30 वर्ष थी और उसने साड़ी पहन रखी थी। कसरती बदन वाले युवक ने स्किन टाइट टी-शर्ट पहन रखी थी। जोशी ने बताया कि दोनों सीधे रेस्तरां में घुसे। महिला साड़ी पहनने के कारण चल नहीं पा रही थी।

लग रहा था जैसे उसने पहली बार साड़ी पहनी हो। ये लोग रेस्तरां के पीछे एक झोपड़ी में गए। वेटर पानी लेकर अंदर गया। इसी बीच महिला ने वहां आठ-नौ युवकों के मौजूद होने के बावजूद खुली झोपड़ी में साड़ी बदलकर सलवार सूट पहन लिया। वेटर को दोनों यह कहकर बाहर निकल गए कि वे वेजिटेरियन हैं, इसलिए यहां खाना नहीं खाएंगे। जोशी ने बताया कि दोनों संदिग्ध लग रहे थे। युवक ने कंधे पर एक बैग भी लाद रखा था।

दोनों लग रहे थे संदिग्ध :

रेस्तरां मालिक ने बताया कि जब दोनों वहां पहुंचे तब आठ-नौ युवक बैठे थे। इसके बावजूद महिला ने खुली झोपड़ी में कपड़े बदल लिए। ऐसा लग रहा था, जैसे महिला ने पहली बार साड़ी पहनी हो। महिला के गले में मंगलसूत्र भी था। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार युवक और महिला की लंबाई करीब 5 फुट 7 इंच और पांच फुट थी। महिला का चेहरा भरा हुआ था और उसका शरीर मोटा था। स्केच में लड़के के बाल कुछ बड़े दिखाए गए हैं, जबकि उस युवक के बाल छोटे-छोटे थे, लेकिन उस युवक का चेहरा हूबहू स्केच से मेल खा रहा है।

जयपुर पुलिस ने जिस संदिग्ध का सबसे पहले स्केच जारी किया उसे विस्फोट से दो दिन पहले एक महिला के साथ उदयपुर में देखा गया था। भास्कर ने उस महिला का भी स्केच बनवाया।

सुराग २ : तीन से साढ़े पांच बजे के बीच रखे थे बम

सीरियल बम ब्लास्ट के लिए आतंककारियों ने मंगलवार को अपराह्न् 3 से शाम 5:30 बजे के बीच बम रखे थे। इसकी पुष्टि कोतवाली थाने पर तैनात पुलिसकर्मी के बयानों से हुई है।

कोतवाली थाने के सामने खंदे के पास साइकिल पर बम अपराह्न् तीन बजे बाद रखा गया। पुलिसकर्मियों ने भास्कर को बताया कि सिपाही मोहनसिंह की जो कार विस्फोट में क्षतिग्रस्त हो गई, वह वीडियो में नहीं है। मोहनसिंह का बेटा विक्रम कार लेकर तीन बजे कहीं गया था और पांच बजे लौटा। वीडियो लगभग चार बजे बनाया गया इसीलिए इसमें वह सफेद कार नहीं दिखाई दे रही। वीडियो में साइकिल के पास धूप भी दिखाई दे रही है। कोतवाली थाने के पास पेड़ होने के कारण उस स्थान पर धूप तीन से साढ़े पांच बजे के बीच ही आती है। ऐसे में पुलिस का मानना है कि कोतवाली थाने के पास बम तीन से साढ़े पांच बजे के बीच रखा गया तथा उसी दौरान वीडियो बनाया गया। संतोष ट्रेडिंग नामक जिस दुकान से साइकिल खरीदी गई उसके मालिक ने बताया कि मैंने कीमत 2400 रु. बताई और बैग लटकाए आया युवक बिना भाव-ताव किए साइकिल ले गया।

जिस युवक का स्केच बनाया गया था उसके हुलिए जैसा युवक शाम को पांच बजे बड़ी चौपड़ पर देखा गया था। संदिग्ध के साथ एक अन्य युवक भी बताया जाता है, जो काफी देर तक साइकिल के पास खड़े होकर बात कर रहे थे। बाद में दोनों युवक अलग-अलग दिशा में चले गए। इस आधार पर पुलिस मान रही है कि बम रखने वाले पांच से छह लोग थे। जो एक साथ निकले तथा परकोटे में तीन से साढ़े पांच बजे के बीच इन छहों स्थानों पर बम रखे।

आतंकियों द्वारा बुधवार रात भेजे गए ई-मेल में दी गई ज्यादातर बातें सही निकली। इसका खुलासा तब हुआ जब ई-मेल में दी गई जानकारियों को भास्कर संवाददाताओं ने घटनास्थल पर जाकर परखा।

सुराग ३ : बच्चे ने आतंकियों को पहचाना

विस्फोट में जख्मी हुए बच्चे रहीम (बदला नाम) ने पुलिस द्वारा जारी स्केच के आधार पर बताया है कि इस व्यक्ति के साथ दूसरा आतंकी भी उसकी दुकान के सामने साइकिल लेकर आया था।

बम धमाकों में घायल एक बच्चे ने पुलिस द्वारा जारी किए गए स्केच के आधार पर एक आतंकवादी को धमाकों से पहले देखने का दावा किया है। एसएमएस अस्पताल में भर्ती इस बच्चे के अनुसार स्केच में बताया गया आतंकी अकेला नहीं था, बल्कि उसके साथ एक शख्स और था। यह बच्च रहीम (परिवर्तित नाम) घटना वाले दिन यानी मंगलवार को माणक चौक में अपनी दुकान पर बैठा था। विस्फोट शाम सवा सात बजे के बाद हुए थे, लेकिन आतंकियों ने धमाकों से करीब डेढ़ घंटे पहले उसकी दुकान के ठीक आगे साइकिल रखी और चल दिए। जाने से पहले दोनों ने दो तीन मिनट तक वहीं खड़ेे होकर बातचीत की और अलग-अलग दिशाओं में चल दिए। साइकिल ठीक दुकान के सामने रखी थी, जहां बच्च बैठा था, इसलिए उसका ध्यान उनकी ओर चला गया। उसके करीब डेढ़ घंटे बाद जोरदार धमाका हुआ जिसमें यह बच्च भी घायल हो गया। अखबार में छपे संदिग्ध आतंकी के स्केच को देखकर बच्चे ने इसे पहचान लिया कि स्केच वाले व्यक्ति ने ही उसकी दुकान के सामने साइकिल रखी थी।

बच्चे की इस बात से खुलासा होता है कि साइकिल रखने वाला अकेला नहीं बल्कि कम से कम दो थे और साइकिल रखने के बाद योजनाबद्ध तरीके से अलग हो गए। पुलिस ने ये स्केच उस साइकिल दुकानदार की शिनाख्त के आधार पर बनवाया है, जिसकी दुकान से विस्फोट में इस्तेमाल की गई साइकिलें खरीदी गई थीं।

पुलिस इन्वेस्टिगेशन : ये हैं हमारे अपराधी

>>संदिग्ध बांग्लादेशी युवकों से पूछताछ। बगराना और बक्सावाला बस्तियों से कुछ हिरासत में।

>>जयपुर से इंटरनेशनल कॉल्स करने वालों से पूछताछ।

>>स्केच के आधार पर होटलों, धर्मशालाओं की तलाशी। बम निरोधक दस्ते का अति व्यस्त इलाकों में तलाशी अभियान।

अगला निशाना उदयपुर तो नहीं!

भास्कर : क्या आतंकवादियों का अगला टारगेट उदयपुर हो सकता है?

उदयपुर एसपी अनिल पालीवाल-कह नहीं सकते, हम सतर्क हैं।

संदिग्ध उदयपुर में देखा गया है?

-जानकारी मिली है। इस स्केच को लेकर पूछताछ की जा रही है।

पर्यटन स्थलों को निशाना बनाने की चेतावनी पर पुलिस की क्या रणनीति है?

-हम पूरी सतर्कता बरत रहे हैं। संदिग्ध लोगों को पकड़ने के लिए अभियान निरंतर जारी रहेगा।

संबंधित खबरें
* आतंकियों का संहार ही न्याय
* 'पूरे नहीं होने दिए जाएंगे नापाक इरादे'
* हिटलिस्ट : आडवाणी, मोदी, ठाकरे, दिल्ली, मुंबई..
* सोनिया ने घायलों से मुलाकात की
* एनडीए राज्य सरकारों का केंद्र पर निशाना
* जयपुर पहुंचे पाटिल और सोनिया गांधी
* बम धमाकों में मारे गए लोगों को दी श्रद्धांजलि





अपने विचार यहां लिखें
नाम:
ईमेल आईडी:
भाषा चुनॆ
हिन्दी रॊमन‌ हिन्दी फॊनॆटिक English
विचार:
कोड: