News
Chhattisgarh
Bilaspur Bilaspur बिलासपुर. आईटीआई कोनी में केंद्र सरकार के सहयोग से ‘सेंटर आफ एक्सीलेंस’ के अंतर्गत चल रहे ‘इंस्ट्रूमेंटेशन व्यवसाय’ का औचक निरीक्षण करने गुरुवार को दिल्ली तीन सदस्यों की टीम पहुंची। टीम में शामिल अधिकारियों ने आईटीआई कोनी के मुख्य कार्यशाला सहित अन्य व्यवसायों का निरीक्षण कर प्रशिक्षण के प्रति संतोष जताया। निर्माणाधीन सीओई भवन का निर्माण कार्य शीघ्र पूर्ण करने के निर्देश दिए।
टीम में श्रम एवं आर्थिक परामर्शदाता, श्रम-रोजगार एवं प्रशिक्षण भारत सरकार के डा. अशोक साहू, क्षेत्रीय श्रम आयुक्त ज्ञानेंद्र सिंह व श्रम प्रवर्तन अधिकारी एसके मोहंती शामिल थे। संस्था के प्राचार्य एपी प्रकाश ने अधिकारियों को बताया कि सीओई के भवन निर्माण के लिए एक करोड़ 75 लाख में ठेका दिया गया है। भवन निर्माण का करीब 60 प्रतिशत कार्य हो चुका है। तीन-चार माह में यह भवन बनकर तैयार हो जाएगा।
अधिकारियों ने भवन निर्माण का निरीक्षण कर कार्य के प्रति संतोष जताया और इसे शीघ्र पूरा करने के निर्देश दिए। इसी तरह दिल्ली से आई टीम के सदस्यों ने इंस्ट्रूमेंटेशन व्यवसाय का निरीक्षण किया। यहां लड़कियों के प्रवेश नहीं लेने के बारे में पूछने पर उन्होंने बताया कि शहर से दूर होने व पर्याप्त सुरक्षा व्यवस्था नहीं होने की वजह से लड़कियां यहां प्रवेश नहीं ले रही हैं।
इस ओर ध्यान दिया जा रहा है। संस्था को बाउंड्रीवाल से घेरा जा रहा है। प्रशिक्षण अधिकारी केके श्रीवास्तव ने बताया कि दिल्ली से आए अधिकारियों ने प्रशिक्षणार्थियों से भी चर्चा की और उन्हें प्रोत्साहित करते हुए कहा कि अच्छे अंकों से पास होने पर केंद्र सरकार रोजगार देगी। अधिकारियों को प्रशिक्षणार्थियों में अंग्रेजी की कमी लगी। इस पर उन्होंने पुस्तकालय में अंग्रेजी के समाचार-पत्र रखने के निर्देश दिए। संस्था के कर्मचारियों के लिए आवास की भी मांग की गई, जिस पर अधिकारियों ने सहमति जताई। इसके पूर्व संस्था पहुंचने पर टीम में शामिल अधिकारियों का प्राचार्य एपी प्रकाश सहित सीओई के प्रभारी अधीक्षक आरजी तिवारी, योगेश श्रोती, संजय अगलावे आदि ने स्वागत किया।
शत-प्रतिशत अनुदान केंद्र सरकार से
आईटीआई कोनी में केंद्र सरकार की प्रशिक्षण योजना ‘सेंटर आफ एक्सीलेंस’ के अंतर्गत ‘इंस्ट्रूमेंटेशन व्यवसाय’ पर पिछले दो वर्षो से प्रशिक्षण दिया जा रहा है। पिछले वर्ष यहां 106 छात्रों ने प्रवेश लिया था। इस वर्ष इस व्यवसाय में 96 छात्रों ने प्रवेश लिया है। प्रशिक्षणार्थियों को महानिदेशालय, रोजगार एवं प्रशिक्षण भारत सरकार, नई दिल्ली के मार्गदर्शन में संचालनालय रोजगार एवं प्रशिक्षण रायपुर के अधीन कार्यरत अधिकारी व कर्मचारी प्रशिक्षण दे रहे हैं। इस व्यवसाय के लिए शत-प्रतिशत औजार, उपकरण, कच्च सामान, भवन व अधिकारियों का मानदेय भारत सरकार दे रही है।