News
Madhya Pradesh
Gwalior Gwalior ग्वालियर. न तो किसी को बोतल में पेट्रोल-डीजल दिया जाए, न जरकीन में। ईंधन के टैंकों की सुरक्षा का विशेष ख्याल रखा जाए। यह बात कलेक्टर राकेश श्रीवास्तव ने सिनेमाघर व पेट्रोल-डीजल पम्प संचालकों व ईंधन डिपो के प्रतिनिधियों की आपात बैठक में कही। इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक वीके सूर्यवंशी व अन्य अधिकारी भी उपस्थित थे।
राजधानी भोपाल से आला अधिकारियों द्वारा देर रात दिए निर्देश के बाद गुरुवार को सभी संबंधितों को अल्प सूचना पर गोरखी बुलाया गया। कलेक्टर ने पेट्रोल पम्प संचालकों से कहा कि वे सुरक्षा के लिए निजी गार्ड तैनात रखें। पम्प पर बने टैंक की खास सुरक्षा की जाए और बिना नंबर वाले वाहनों को किसी भी हालत में ईंधन न दिया जाए।
रायरू स्थित तीन तेल कंपनियों के डिपोज के प्रतिनिधियों से कलेक्टर ने कहा कि वे परिसर में सुरक्षा के पुख्ता बंदोबस्त करें व किसी भी बाहरी व्यक्ति का डिपो परिसर में प्रवेश न होना सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि डिपो में आने जाने वाले हर व्यक्ति को परिचय-पत्र के आधार पर प्रवेश दिया जाए।
गेट पर चौकसी बढ़ाएं
सिनेमा संचालकों से कलेक्टर व पुलिस अधीक्षक ने कहा कि शो प्रारंभ होने पर सभी दर्शकों को जांच की जाए और फिल्म प्रारंभ होने के बाद सिनेमाघर में प्रवेश के सभी दरवाजे बंद कर दिए जाएं। इसके बाद यदि कोई व्यक्ति सिनेमाघर में प्रवेश करे तो उसका ब्यौरा रखा जाए। जांच के समय मेटल डिटेक्टर का प्रयोग किया जाए। सिनेमाघर में यदि किसी तरह की कोई वस्तु लावारिस दिखाई दे तो इसकी सूचना तुरन्त नजदीक के पुलिस थाने पर या नियंत्रण कक्ष को दी जाए। फिल्म खत्म होने से पहले यदि कोई दर्शक बाहर निकलता है तो उसकी विशेष जांच की जाए व जिस सीट पर वह बैठा था, उसके आसपास भी सघन जांच की जाए।
पम्प संचालकों ने की शिकायत
कुछ पम्प संचालकों ने कहा कि रात के समय पुलिस गश्त नहीं करती है। इस पर पुलिस अधीक्षक ने कहा कि वह इस मामले में सभी थानों को आवश्यक निर्देश देंगे। यदि किसी भी स्थान पर कोई संदिग्ध वस्तु या व्यक्ति दिखाई दे तो इसकी सूचना पब्लिक या संस्थान द्वारा नियंत्रण कक्ष के दूरभाष नंबर 2445222 या 2445333 पर दी जा सकती है।