Sports
Other Sports Other Sports लिमेलेट (बेल्जियम).
दुनिया की नंबर एक खिलाड़ी जस्टिन हेनिन के अचानक टेनिस से संन्यास लेने के कारण व्यस्त कार्यक्रम को लेकर बहस छिड़ गई है। हेनिन ऐसी पहली खिलाड़ी हैं, जिन्होंने डब्ल्यूटीए रैंकिंग में नंबर एक पर रहते हुए खेल को अलविदा कहा है। विशेषज्ञों का कहना है कि हेनिन के इस फैसले से स्पष्ट है कि टेनिस की सर्वोच्च संस्थाएं एटीपी व डब्ल्यूटीए खिलाड़ियों के बारे में कुछ नहीं सोच रही हैं।
इन दिनों कार्यक्रम इतना व्यस्त हो गया है कि खिलाड़ियों की फिटनेस प्रभावित होती है और वे परिवार के साथ समय नहीं बिता पाते। हेनिन के बड़े भाई डेविड ने कहा कि इस साल वो हंसेगी, मुस्कुराएगी और परिवार के साथ पूरा समय बिताएगी। उसे यह सब अच्छा लगता है, लेकिन टेनिस के कारण संभव नहीं हो पा रहा था।
दुनिया के नंबर एक खिलाड़ी रोजर फेडरर ने कहा कि हेनिन का इस तरह अचानक संन्यास लेना टेनिस जगत के लिए झटका है। उन्होंने अपने पसंदीदा टूर्नामेंट फ्रेंच ओपन से एक महीने पहले यह निर्णय लेते हुए सबको चौंका दिया।
100 सप्ताह से ज्यादा समय तक नंबर वन : हेनिन 100 सप्ताह से ज्यादा समय तक दुनिया की नंबर एक खिलाड़ी रहीं। कॅरिअर के दौरान उन्होंने 41 एकल खिताब जीते, एथेंस ओलिंपिक का स्वर्ण अपने नाम किया और दो करोड़ डॉलर से ज्यादा इनामी राशि हासिल की।