HomeNewsMetrosJaipur Jaipur

राज्य में स्पेशल टास्क फोर्स बनेगी

जयपुर.राज्य में आतंकवादी गतिविधियां रोकने के लिए स्पेशल टास्क फोर्स (एसटीएफ) का गठन किया जाएगा। इसके अलावा विशेष तरह के अपराध के अन्वेषण के लिए स्पेशल इन्वेस्टीगेटिव टीम का गठन किया जा रहा है। सीरियल बम ब्लास्ट की जांच भी एक विशेष टीम से करवाई जा रही है। मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे ने गुरुवार को यहां संवाददाता सम्मेलन में कहा कि एसटीएफ में विशेषज्ञों को शामिल किया जाएगा।

एसटीएफ के गठन के लिए पंजाब, उत्तरप्रदेश और आंध्रप्रदेश के मॉडल का अध्ययन किया जा रहा है। मुख्यमंत्री ने कहा कि इस तरह की घटनाएं भविष्य में नहीं हो, इसके लिए केन्द्र और राज्य के साथ-साथ राज्यों में आपस में भी सूचनाएं आदान-प्रदान की व्यवस्था करनी होगी। इंटेलिजेंस पर ज्यादा काम करना होगा। इंटेलिजेंस से जुड़ी मल्टीपल एजेंसी के लिए एक सेंटर बनाना होगा।

इंटेलिजेंस के लिए एक संयुक्त टास्क फोर्स भी बननी चाहिए। राज्य में आपस में समन्वय रहे, इसके लिए उच्च स्तर पर नियमित चर्चा होनी चाहिए। इन सबके अलावा एक कठोर कानून की भी आवश्यकता है। जब तक कानून कठोर नहीं होगा, तब तक लोगों में भय नहीं होगा। अपराध रोकने में भय की भी महत्वपूर्ण भूमिका है। उन्होंने केंद्र से मुख्यमंत्रियों की बैठक बुलाने की भी मांग की।

बम विस्फोट के वीडियो को लेकर संशय: मुख्यमंत्री ने कहा कि बम विस्फोट को लेकर एक चैनल के माध्यम से पुलिस को भेजे गए ई-मेल और वीडियो की जांच करवाई जा रही है। जिस तरह साइकिल के पिछले स्टैंड पर विस्फोटक बांधा गया है, उससे तो साइकिल का पिछला हिस्सा पूरी तरह खत्म हो जाता है। लगता है कि आतंकी इस तरह की जानकारी भेजकर गुमराह करना चाहते हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि जयपुर में 9 ब्लास्ट हुए थे और एक बम निष्क्रिय किया गया। पुलिस जयपुर बम ब्लास्ट, यूपी की अदालतों में किए गए ब्लास्ट और मालेगांव घटना के मामले को आपस में जोड़ रही हैं। जयपुर में विशेष तरह के बम से ब्लास्ट किए गए।





अपने विचार यहां लिखें
नाम:
ईमेल आईडी:
भाषा चुनॆ
हिन्दी रॊमन‌ हिन्दी फॊनॆटिक English
विचार:
कोड: