जयपुर .मंगलवार को सिलसिलेवार बम धमाकों के बाद तीन दिन से शहर का 700 करोड़ रुपए का कारोबार प्रभावित हुआ है। एक दिन में शहर से इंडस्ट्री, हैण्डीक्राफ्ट, हाडवेयर, गारमेंट्स आदि सहित कई रोजमर्रा की वस्तुओं का करीब 300 करोड़ रुपए का कारोबार होता है किन्तु बम धमाकों के बाद शहर में करीब 700 करोड़ रुपए का व्यवसाय प्रभावित हुआ है। राजस्थान सकल उद्योग व्यापार संघर्ष समिति के संयोजक बाबूलाल गुप्ता ने बताया कि गुरुवार को लालकोठी, सोडाला, सूरजपोल, कूकरखेड़ा, चांदपोल एवं मुहाना मंडियों में आंशिक कारोबार हुआ। हालांकि शहर में रोजमर्रा की वस्तुओं की दुकानों पर लोगों ने नित्य उपयोग की वस्तुओं की खरीद की। शहर के बाहरी इलाकों मानसरोवर, सी-स्कीम, सोडाला, महेश नगर, टोंकफाटक, सांगानेर, वैशाली नगर एवं मालवीय नगर में स्थिति गुरुवार को सामान्य थी। ..शेष पेज 4 पर इन क्षेत्र में करीब सभी दुकानदारों ने अपनी दुकानों को खोला व व्यवसाय किया।
जेम्स-ज्वैलरी कारोबार को 200 करोड़ का झटका :
धमाकों के बाद से जेम्स एवं ज्वैलरी व्यवसाय चौपट है। एक्सपोर्ट एवं लोकल सेल सहित 200 करोड़ रुपए का व्यवसाय प्रभावित हुआ है। व्यवसाय से जुड़े करीब एक से डेढ़ लाख लोग भी प्रभावित हुए हैं। ज्वैलर्स एसोसिएशन जयपुर के अध्यक्ष विवेक काला ने बताया कि चारदीवारी क्षेत्र सहित शहर के बाहरी भागों से होने वाला जेम्स एवं ज्वैलरी का कारोबार पूरी तरह बंद है। कारोबार बंद होने से रोजाना 100 करोड़ रुपए का व्यवसाय प्रभावित हो रहा है। एसोसिएशन के उपाध्यक्ष मनोज डांडिया ने बताया कि चारदीवारी क्षेत्र सहित अन्य इलाकों में कफ्र्यू के कारण होलसेल एवं रिटेल कारोबार पूरी तरह से प्रभावित है। शहर में जवाहरात की गद्दियां नहीं खुली हैं।
कफ्र्यू हटने के बाद किशनपोल बाजार में सोने-चांदी के आभूषणों के व्यवसायी विवेक अग्रवाल ने बताया कि बाजार में 200 दुकानें खुलीं हैं जिनमें आंशिक कारोबार हुआ है।
गुरुवार को शाम 4.00 बजे बाद कर्फ्यू खुलने पर जौहरी बाजार सहित ,रामगंज बाजार, चांदपोल, त्रिपोलिया सिरडयोडी बाजार में 90 फीसदी दुकानें खुली थीं किन्तु उनमें कोई कारोबार नहीं हुआ। राजस्थान सर्राफा संघ के अध्यक्ष सुभाष खंडेलवाल ने बताया कि शहर का सर्राफा बाजार पूरी तरह से प्रभावित है।
जयपुर सर्राफा ट्रेडर्स समिति के अध्यक्ष रामेश्वर लाल गोयल ने बताया कि चारदीवारी क्षेत्र में 1000 सर्राफा की दुकानें हैं जिन पर कोई कारोबार नहीं हुआ है।
बाहरी क्षेत्रों में टोंक फाटक, महेश नगर, गोपालपुरा मोड, मानसरोवर, सोडाला, इत्यादि जगहों पर ज्वैलर्स ने आंशिक कारोबार किया। पालीवाल ज्वैलर्स के संचालक विशाल पालीवाल ने बताया कि बम विस्फोटों के कारण बुधवार को बंद था। गुरुवार को व्यवसाय पर अधिक फर्क नहीं पड़ा और दुकान में ग्राहक आए और उन्होंने खरीदारी भी की। टोंक फाटक इलाके में ज्वैलर्स की करीब 30-35 दुकानें खुलीं। रजत ज्वैलर्स के संचालक हेमेन्द्र गर्ग ने बताया कि फिलहाल ऑफ सीजन का माहौल है इसलिए कोई अधिक फर्क नहीं पड़ा है किन्तु ग्राहकी प्रभावित हुई है।
बाहरी ग्राहक चारदीवारी में आने से हिचके-
बम धमाकों की घटना का डर जयपुर जिले के अन्य समीपवर्ती कस्बों के निवासियों के मन पर अभी भी है। इस क्षेत्र के कारोबारियों ने बताया कि चौंमूं, फागी, मालपुरा, शाहपुरा, कोटपुतली, कानौता, बस्सी,बगरु से आने वाले खरीदार शहर में नहीं आ रहे हैं और स्थानीय दुकानदारों से ही सामान की खरीद कर रहे हैं।
मॉल्स पर नहीं पहुंच पाए ग्राहक
बम विस्फोटों से पहले शहर के जिन मॉल्स में पैर रखने की जगह नहीं होती थी वहां पर गुरुवार को दोपहर एवं शाम को ग्राहक नदारद रहे। शहर के बनीपार्क, मालवीय नगर, वैशाली नगर में स्थित अधिकतर मॉल्स पर ग्राहक कम ही नजर आए। अधिकतर लोग इनमें स्थित ऑफिसेज में काम करने वाले कर्मचारी ही थे। मालवीय नगर में क्रिस्टल पॉम, पिरामिड एवं गौरव टावर में आंशिक ग्राहक ही नजर आए।