जयपुर. रॉयल्स व बेंगलूर रॉयल चैलेंजर्स मैच के दौरान एसएमएस स्टेडियम छावनी में बदला नजर आएगा। टीम होटल के अलावा ड्रेसिंग रूम के पास भी सुरक्षकर्मी मौजूद रहेंगे। इस बार मैच में दर्शकों को बैग, लाइटर, माचिस, बोतल, मोबाइल आदि लाने की इजाजत नहीं दी जाएगी। गुरुवार को पुलिस ने एसएमएस स्टेडियम की पूरी जांच की। इस दौरान डॉग स्क्वॉड भी साथ था, जिन्होंने ड्रेसिंग रूम से लेकर हर दर्शक दीर्घा में सुरक्षा की जांच की।
आईपीएल की सुरक्षा कमेटी के शॉन ने भी गुरुवार को स्टेडियम की सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। उन्होंने कहा कि हमारी पहली प्राथमिकता खिलाड़ियों की सुरक्षा है और हम आरसीए व पुलिस अधिकारियों से बात कर इस बारे में पुख्ता इंतजाम करेंगे। पिछले दिनों हुए धमाकों के बाद खिलाड़ियों को चिंता होना स्वाभाविक बात है, लेकिन मैच निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार ही होगा। आरसीए ने भी गुरुवार को पुलिस अधिकारियों से सुरक्षा के बारे में विस्तृत चर्चा की। आरसीए के डिप्टी प्रेसिडेंट डॉ. बिमल रॉय सोनी ने बताया कि सुरक्षाकर्मियों की संख्या दुगुनी कर दी जाएगी और दर्शक दीर्घाओं में भी सादा वर्दी में पुलिसकर्मी तैनात किए जाएंगे।
पुलिस वेरिफिकेशन होगा निजी सुरक्षा गार्डे का :
डॉ. सोनी ने बताया कि कलेक्टर ने हमें सभी निजी सुरक्षा गार्डे व बाउंसरों की जानकारी देने के लिए कहा है। यह जानकारी शुक्रवार तक दे दी जाएगी। पुलिस वेरिफिकेशन के बाद ही इन गार्डे की नियुक्ति होगी।
काली पट्टी बांधकर खेलेंगे रॉयल्स! :
टीम सूत्रों के अनुसार बम विस्फोटों में मारे गए लोगों के प्रति श्रद्धांजलि प्रकट करने के इरादे से रॉयल्स के खिलाड़ी शनिवार को बांह पर काली पट्टी बांधकर मैदान पर उतरेंगे। इर्म्िजग मीडिया इस मैच की आय का कुछ हिस्सा पीड़ियों को देगा।