HomeManoranjanCinemaBollywood Bollywood

ट्विंकल-ट्विंकल बिग स्टार

पति अक्षय कुमार छोटे और बड़े परदे सभी जगह धूम मचा रहे हैं, तो ऐसे में भला उनकी पत्नी ट्विंकल खन्ना क्यों खामोश रहें। एक दौर में ट्विंकल भी बड़ी स्टार रह चुकी हैं और वे फिर से साबित करना चाहती हैं कि अभी भी उनमें स्टार्स जैसी चमक कायम है। एक तरफ अक्षय कुमार भी जल्दी ही ‘खतरों के खिलाड़ी’ नामक कार्यक्रम से छोटे परदे पर कदम रखने जा रहे हैं, तो उनके पीछे-पीछे पत्नी ट्विंकल भी कलर्स चैनल पर एक शो होस्ट करने वाली हैं, जो कि एक रियलिटी शो है।

खास बात यह है कि इस शो का निर्माण शाहरुख की कंपनी रेड चिली एंटरटेनमेंट कर रही है। यह नया चैनल जल्दी ही शुरू हो रहा है। इस चैनल के लिए ही अक्षय कुमार बारह नायिकाओं के साथ ‘खतरों का खिलाड़ी’ नामक शो कर रहे हैं और ट्विंकल भी कलर्स के लिए जो रियलिटी शो करने वाली हैं वह मेकओवर पर आधारित है। शो का नाम ‘मेकओवर विद ट्विंकल खन्ना’ रखा जा रहा है। इस कार्यक्रम से शाहरुख खान भी छोटे परदे के लिए कार्यक्रम निर्माण करने वालों की फेहरिस्त में शामिल हो जाएंगे। चैनल के अधिकारियों के साथ उनकी कंपनी के कर्ताधर्ताओं से मीटिंग भी हुई है। मजे की बात यह है कि ट्विंकल के साथ ही शाहरुख की पत्नी गौरी भी इसी चैनल के लिए एक रियलिटी शो करने वाली हैं। रेड चिली के टीवी विभाग के हेड समर खान ने बताया कि वे छोटे परदे के लिए कार्यक्रम बनाने जा रहे हैं, लेकिन इस बारे में अभी ज्यादा कुछ बताना जल्दबाजी होगी।

समर खान अब आगे कुछ न भी बताएं तो गम नहीं, लोगों को बहुत कुछ पता चल गया है। वह यह कि सालों परदे से दूर रहीं ट्विंकल और गौरी खान अपने-अपने पति की कामयाबी को ही देखकर खुश होती रहीं। लेकिन अब ये दोनों भी घर की चौखट से निकलकर दुनिया को बताना चाहती हैं कि बड़े स्टार्स की ये पत्नियां भी कुछ कर गुजर सकती हैं। ट्विंकल तो वैसे भी शादी से पहले कई फिल्में कर चुकी हैं, लेकिन गौरी के लिए बतौर ऑर्टिस्ट काम करना एक नया अनुभव होगा। वैसे शाहरुख का गाइडेंस उनके लिए पर्याप्त रहेगा।





अपने विचार यहां लिखें
नाम:
ईमेल आईडी:
भाषा चुनॆ
हिन्दी रॊमन‌ हिन्दी फॊनॆटिक English
विचार:
कोड: