HomeManoranjanCinemaBollywood Bollywood

फरदीन भी बने आइटम ब्वॉय

कुछ दिनों पहले तक भी आइटम गर्ल टर्म बॉलीवुड में प्रचलन में था, लेकिन अब वहां आइटम ब्वॉय का चलन भी बढ़ रहा है। कम काम में अधिक दाम वाला यह सौदा प्रतिष्ठित सितारों को भी पसंद आ रहा है। कहां तीन घंटे की फिल्म के लिए तीन से भी अधिक महीनों की शूटिंग और फिर नतीजा भी ‘टशन’ जैसा हो जाए, तो कैरियर का मौला ही मालिक है। वक्त की बरबादी जो हो सो अलग है।

ऐसे में यदि किसी भव्य फ्लॉप फिल्म का एक आइटम नंबर भी हिट हो जाए और लोगों की जुबां पर चढ़ जाए, तो समझो किस्मत खुल गई। फरदीन खान इस फंडे की अहमियत समझ गए हैं यही वजह है कि शाहरुख और रितिक की तरह अब फरदीन खान भी आइटम ब्वॉय बन गए हैं। सूत्रों के मुताबिक ‘जय वीरु’ फिल्म में वे एक आइटम सांग करने वाले हैं, जिसमें उनके साथ कुणाल खेमू और महक चहल भी थिरकते हुए नजर आएंगी।

शाहरुख खान ने ‘क्रेजी 4’ के अलावा ‘काल’ में भी आइटम किया था। ‘जय वीरु’ में एक ‘धमाल’ गीत है, जिसमें नाचने के लिए निर्माता की ओर से दो-तीन नायकों से बात की गई थी, लेकिन बात बनी नहीं। जब फरदीन को गाने के बारे में बताया गया तो उन्हें गाना बहुत ही पसंद आया और वे तुरंत ही इसके लिए तैयार हो गए। इस गाने की शूटिंग भी पूरी कर ली गई है और खास बात यह रही कि सेट पर कुणाल खेमू और फरदीन में अच्छी खासी दोस्ती हो गई। लंबे समय बाद फरदीन ने इसी गाने की शूटिंग से फिर से कैमरा फेस करना शुरू कर दिया है। अभी तक वे अपनी शादी को एंजॉय करने में ही व्यस्त थे। यकीनन इस सांग के लिए उन्हें तगड़ी रकम भी मिली ही होगी। खैर, फरदीन के लिए बैठे-बैठे वक्त खराब करने से तो बेहतर है कि आइटम सांग से ही कमाई कर ली जाए।

वैसे फरदीन कई फिल्मों में काम करने की बातें कर रहे हैं और कुर्बानी का रिमेक पर भी काम कर रहे हैं। ऐसे में उनका आइटम नंबर चल निकलता है, तो उनके लिए अच्छा ही है।





अपने विचार यहां लिखें
नाम:
ईमेल आईडी:
भाषा चुनॆ
हिन्दी रॊमन‌ हिन्दी फॊनॆटिक English
विचार:
कोड: