HomeManoranjanCinemaBollywood Bollywood

अमिताभ भी कह उठे वाह उस्ताद वाह!

अमिताभ बच्चन ने दुनिया में अनगिनत लोगों से अपने अभिनय की तारीफ सुनी है। लेकिन जब मौका किसी अन्य कलाकार की प्रतिभा की सराहना करने का होता है, तब भी अमिताभ पीछे नहीं हटते और मुक्त कंठ से तारीफों के पुल बांधते हैं। मौका था पंडित शिवकुमार शर्मा के बेटे राहुल शर्मा के संतूर वादन का और अमिताभ भी इस कार्यक्रम में मौजूद थे। वे राहुल के सुमधुर संतूर वादन पर वाह-वाह करते देखे गए। गौरतलब है कि हाल ही में मुंबई में राहुल शर्मा के नए ऑडियो एलबम के विमोचन समारोह में अमिताभ आए थे।

राहुल शर्मा और मशहूर जर्मन पियानोवादक रिचर्ड क्लेडरमैन का नया एलबम ‘कॉन्फ्लूयन्स 2’ का विमोचन इस मौके पर गया था। एचएमवी द्वारा आयोजित इस समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में अमिताभ बच्चन सहित कई बड़ी हस्तियों को बुलाया गया था। यश चोपड़ा और अदनान सामी भी यहां मौजूद थे।

याद रहे कि यश चोपड़ा ने ही पंडित शिवकुमार शर्मा और हरिप्रसाद चौरसिया को शिव-हरि के रूप में सिलसिला से संगीतकार के रूप में पेश किया था। एलबम लांच करने के बाद अमिताभ ने राहुल की तारीफ करते हुए कहा कि राहुल की कला उनके संस्कारित परिवार की देन है। अपने पिता की तरह ही उन्होंने इस विधा को समूचे विश्व में फैलाया है और अपना एक अलग स्थान बनाया है। खास बात यह है कि एलबम के विमोचन के बाद अमिताभ तुरंत ही जाने वाले थे, लेकिन राहुल ने जैसे ही संतूर बजाना शुरू किया तो अमिताभ के कदम आगे न बढ़ सके और वे राहुल को सुनने के लिए रुक गए। एक परफॉर्मेस हुआ, दूसरा हुआ अमिताभ संतूर वादन सुनने में ऐसे खो गए थे कि अपने जाने का ख्याल भी उन्हें न रहा।

राहुल ने तीसरी बार जब बजाना शुरू किया तब लगा कि अब अमिताभ निकल जाएंगे, लेकिन वे डटे रहे। जब राहुल का कार्यक्रम खत्म हुआ तब ही बिग बी मुस्कुराते हुए निकले। मीडिया ने अमिताभ से बात करने की खूब कोशिश की लेकिन उन्होंने किसी से बात नहीं की।





अपने विचार यहां लिखें
नाम:
ईमेल आईडी:
भाषा चुनॆ
हिन्दी रॊमन‌ हिन्दी फॊनॆटिक English
विचार:
कोड: