अजमेर. श्री श्याम प्रेम मंडल के तत्वावधान में 15 वें वार्षिकोत्सव के अवसर पर गुरुवार को श्याम बाबा की शोभायात्रा निकाली गई। यात्रा का शहर के विभिन्न स्थानों पर स्वागत किया गया। इस अवसर पर कई संस्थाओं ने यात्रा का स्वागत किया।
मदार गेट स्थित सूरजकुंड मंदिर से निकाली गई रथयात्रा में भक्तजन ध्वाजाएं लेकर चल रहे थे। शोभायात्रा में भगवान गणोश, शिवजी के तांडव नृत्य, राधा-कृष्ण श्रंगार की झांकियां थीं। इनके आगे बैंड मधुर धुनें बजाते हुए चल रहे थे। यात्रा का मुख्य आकर्षण शेखावटी से आई चंग पार्टी थी। श्याम बाबा के रथ के आगे भजन गायक विमल गर्ग, संजय परिहार एवं सुनील जोशी ने भक्ति रस की सरिता बहाई।
भजनों पर भक्त नाचते-गाते श्याम बाबा का गुणगान कर रहे थे। यात्रा मदार गेट सूरजकुंड बालाजी मंदिर से शुरू होकर एचपीओ, गोल प्याऊ, नया बाजार चौपड़, आगरा गेट, पृथ्वीराज मार्ग, क्लॉक टावर से वापस मंदिर पहुंची। यात्रा में श्याम प्रेम मंडल के कमल गर्ग, गोपाल गोयल, सतीश बंसल सहित सैंकड़ों लोग शामिल हुए।
इन संस्थाओं ने किया स्वागत
शहर में शोभायात्रा का स्वागत करने के लिए 51 तोरण द्वार बनाए गए। यात्रा का श्री तुलसी सेवा संस्थान, दादी राणी सती भक्त सेवा मंडल, श्री झरनेश्वर महादेव सेवा समिति, श्री सर्वेश्वर संकीर्तन मंडल, नया बाजार व्यापारिक एसोसिएशन, श्री अग्रसेन युवा मंडल सहित कई संस्थाओं ने स्वागत किया।
भजन संध्या आज
मदार गेट चौराहे पर शुक्रवार रात 8 बजे से भजन संध्या का आयोजन किया जाएगा। इस मौके पर 56 भोग की विशेष झांकी सजाई जाएगी। भजन संध्या में कलकत्ता के जय शंकर चौधरी, रामायण एवं महाभारत के सह संगीतकार सुशील बवेजा, अशोक पांडे, जयपुर के संजय पारीक तथा विमल गर्ग भजनों की प्रस्तुति देंगे।