अजमेर. नगर सुधार न्यास की आधी-अधूरी तैयारियों की वजह से पृथ्वीराज नगर योजना में लीज डीड लेने आए सफल आवेदकों को खाली हाथ लौटना पड़ा। न्यास ने केवल दो ब्लॉक की लीज डीड जारी की।
यूआईटी ने मुख्यमंत्री के 15 मई को प्रस्तावित कार्यक्रम को देखते हुए पृथ्वीराज नगर योजना के सफल आवेदकों को सामूहिक रूप से लीज डीड देने के लिए गुरुवार को शिविर लगाने का फैसला किया था। जयपुर में आतंकी हमले की वजह से उनके आने का कार्यक्रम स्थगित हो गया। इस वजह से न्यास ने भी शिविर स्थगित कर दिया था, लेकिन आवेदकों के रोष से बचने के लिए कार्यालय में आने वाले आवेदकों को लीज डीड देने का फैसला किया था।
न्यास ने केवल डी औ ई ब्लॉक की करीब दो सौ लीज डीड तैयार कराई थी। इस ब्लॉक में 13 और 14 मई को कागज जमा कराने वाले आवेदकों की लीज डीड न्यास तैयार नहीं कर पाया। इस वजह से आज कई आवेदकों को बेरंग लौटना पड़ा। लीज डीड नहीं मिलने से आवेदकों में रोष था। सूत्रों के अनुसार अन्य ब्लाकों की लीज डीड तैयार करने में न्यास को एक माह का समय लग जाएगा।
उल्लेखनीय है कि न्यास ने भूंखडों की लॉटरी तो निकाल दी, लेकिन मौके पर सीमांकन नहीं किया। विवाद से बचने के लिए न्यास ने लीज डीड जारी नहीं की। इस संबंध में न्यास के उप सचिव चुन्नीलाल सैनी का कहना है कि न्यास का दो ही ब्लॉक के आवेदकों को लीज डीड देनी थी, लेकिन अन्य ब्लॉक के आवेदक भी लीज डीड लेने आ गए थे। इस वजह से उनको खाली हाथ लौटना पड़ा।