अजमेर.
जयपुर सीरियल बम ब्लास्ट में शक की सूई बांग्लादेशी घुसपैठियों की तरफ होने के कारण राज्य भर में पुलिस घुसपैठियों पर शिकंजा कस रही है। गुरुवार को दरगाह इलाके में सर्च के दौरान पुलिस ने बारह लोगों को गिरफ्तार किया है।
इनमें से आठ लोगों की बांग्लादेशी होने की पुष्टि हो गई है, जबकि चार के बारे में पुलिस तस्दीक कर रही है। उल्लेखनीय है कि दैनिक भास्कर ने में गुरुवार के अंक में बांग्लादेशी घुसपैठियों पर खबर प्रकाशित की थी।
दरगाह थाना प्रभारी रामचंद्र सिंह ने बताया कि दरगाह के आसपास, अंदरकोट, झरनेश्वर रोड और तारागढ़ मार्ग पर संदिग्ध लोगों को खंगाला गया। बांग्लादेशी घुसपैठिए मोहम्मद जहांगीर, मोहम्मद मासूम, मोहम्मद फजलू रहमान, नसीरूद्दीन दीवान, अब्दुल मोहम्मद, याकूब अली, मोहम्मद हसन और मजीद को पकड़ा गया। यह लोग बांग्लादेश से अवैध तौर पर सीमा लांघ कर देश में आए थे।
पिछले करीब पांच साल से अजमेर में रह रहे हैं। सभी बांग्लादेश के ढाका, नारायणगंज, पुतवाघाली, बगूरा, मदारीपुरा और दिनाशपुर और मुंशीगंज जिले के मूल निवासी हैं। अजमेर में खुद को बंगाली बताकर रह रहे थे। इनके अलावा मुशर्रफ, हफीजुर्रहमान, शंकर और अहमद अली को संदिग्ध मानते हुए गिरफ्तार किया गया। उन पर भी बांग्लादेशी होने का शक है। उनके बयानों की तस्दीक की जाएगी।