News
Metros
Chandigarh Chandigarh चंडीगढ़
‘पानी की कीमत को अब समझना होगा क्योंकि आने वाले दिनों में पानी सबसे बड़ा संकट बनने जा रहा है। इसलिए हमें आज ही पानी की हर बूंद को बचना होगा, बिना यह सोचे कि मेरे अकेले के प्रयास से क्या होगा।’ यह कहना पर्यावरणविद सुंदरलाल बहुगुणा का। वह वीरवार को सेक्टर-18 के न्यू पब्लिक स्कूल में पर्यावरण से छेड़छाड़ के दुष्प्रभावों के साथ ही इंसान के जीवन में पानी और पेड़ों के मिस्यूज पर बोल रहे थे। उन्होंने कहा कि हर कोशिश अकेले होती है जो बाद में जन आंदोलन बनती है। इस दौरान स्कूल प्रिंसिपल आर.डी. सिंह और युवसत्ता संगठन की ओर से प्रमोद कुमार ने भी पानी की बचत को लेकर अपने विचार रखे।
पर्यावरणविद और चिपको आंदोलन के अगुवा रहे सुंदरलाल बहुगुणा ने ‘दैनिक भास्कर’ की ओर से पानी की बचत के लिए शुरू किए गए जल सत्याग्रह की सराहना करते हुए कहा कि हर इंसान और संस्था को व्यक्तिगत स्तर पर प्राकृतिक संसाधानों को बचाने के लिए आगे आना होगा। बहुगुणा ने जल सत्याग्रह में शामिल होने के लिए चंडीगढ़ में रुकने का कार्यक्रम एक दिन और आगे बढ़ाया था। अलबत्ता उन्हें बुधवार जाना था। उन्होंने जल सेना में शामिल होते हुए कहा, यह खुशी की बात है कि आज पानी का महžव समझा जा रहा है। आज विकास के नाम पर पहाड़ों को बदसूरत बना दिया गया है और मैदानों में पेड़ बचे नहीं है। कुदरत की सेहत की हमें हिफाजत करनी होगी, तभी हम सेहतमंद रह सकते हैं। बहुगुणा ने स्टूडेंट्स से आह्वान किया कि वे पानी की हर बूंद को बचाने के लिए आगे आएं।
पानी है कीमती
न्यू पब्लिक स्कूल के बच्चों ने पानी बचाने के तरीके भी सुझाए। स्टूडेंट राहुल, शैफी, हिमांशु, आईना, कुमार, नेहा, मनु, पीयूश, अस्मिता, अभिषेक, नंदकुमार, एकादशी और गगन ने भी पानी बचाने के सुझाव दिए। स्कूल की वाइस प्रेजिडेंट स्निगधा ने भी पानी बचाने के लिए स्कूल की ओर से पूरा सहयोग देने का भरोसा दिलाया।
सब मिलकर बचाएंगे पानी
सेक्टर-34 के गवर्नमेंट मॉडल हाई स्कूल के स्टूडेंट्स ने जल सत्याग्रह में शामिल होने के साथ ही कसम खाई कि हम सब मिलकर शहर में लोगों को पानी बचाने के लिए प्रेरित करेंगे। स्कूल प्रिंसिपल गीता वर्मा ने कहा कि पानी जैसी बहुमूल्य चीज को बचाने के लिए हमें मिलकर प्रयास करने होंगे और यह नहीं सोचना होगा कि मेरे अकेले से क्या होगा।
‘भास्कर’ का प्रयास सराहनीय
गवर्नमेंट हाई स्कूल सेक्टर-35 की टीचर रिपुदमन ने कहा कि पानी बचाने के लिए ‘दैनिक भास्कर’ ने जो प्रयास शुरू किया है वह न सिर्फ असरदार है बल्कि इसकी सराहना होनी चाहिए। एक महीने के इस अभियान ने कम से कम चंडीगढ़ के स्कूलों में स्टूडेंट्स को पानी बचाने के लिए बहुत ज्यादा जागरूक किया है। यही वजह है कि स्कूल्स खुद इस अभियान में शामिल होने की इच्छा जता रहे हैं। इस मौके पर स्कूल पिं्रंसिपल नीरजा टांगरी ने भी अपने विचार रखे।