जोधपुर. जयपुर की आतंकी घटना के बाद थार एक्सप्रेस की सुरक्षा ने पुलिस व सुरक्षा एजेंसिंयों को चिंता में डाल दिया है। गुरुवार को आईजी राजीव दासोत ने रेलवे, जीआरपी तथा आरपीएफ के अधिकारियों से चर्चा कर थार की सुरक्षा और कड़ी करने को कहा। इसके लिए शुक्रवार को ये सभी अधिकारी भगत की कोठी रेलवे स्टेशन का दौरा करेंगे तथा अतिरिक्त पुलिस बल भी उपलब्ध कराया जाएगा।
आईजी राजीव दासोत ने बताया कि गुरुवार को डीआरएम एसके सूद, जीआरपी एसपी अशोक पाटनी, सिटी एसपी मालिनी अग्रवाल, सीआईडी जोन एसपी सुमनेश कल्ला तथा आरपीएफ के मंडल आयुक्त डीके मौर्य के साथ थार एक्सप्रेस की सुरक्षा पर चर्चा की।
अधिकारियों ने थार एक्सप्रेस, उसके यात्रियों तथा सामान की पुख्ता जांच पर बल दिया। हर सामान व यात्री को गहन जांच से गुजारा जाएगा तथा जरूरत पड़ने पर सामान को भी खोल कर चैक किया जाएगा।
अधिकारियों ने चिंता व्यक्त की कि थार एक्सप्रेस लगेज एक्सप्रेस बन गई है। बढ़ते लगेज को कम पर रेलवे से पर्याप्त इंतजाम करने को कहा है। सीआईडी एसपी ने थार में यात्रा करने वालों की छानबीन शुरू कर दी है तो सिटी एसपी ने शुक्रवार को थार की रवानगी से पहले अतिरिक्त पुलिस बल उपलब्ध कराने को कहा है।
सुरक्षा एजेंसियां समन्वय बनाए रखें
सिटी एसपी मालिनी अग्रवाल ने गुरुवार को इंटेलीजेंस एजेंसियों के अधिकारियों की बैठक लेकर मौजूदा हालात पर सुरक्षा व्यवस्थाओं पर चर्चा की। बैठक में सीआईडी जोन, आईबी, सीआरपीएफ, आरपीएफ, आर्मी इंटेलीजेंस के अधिकारी उपस्थित थे।
सभी अधिकारियों ने हर सूचना को एक-दूसरे तक पहुंचाने तथा तत्काल समन्वय स्थापित कर प्रोएक्टिव कार्रवाई पर बल दिया। जिले में संदिग्ध लोगों तथा उनकी गतिविधियों पर विशेष नजर रखने तथा थार एक्सप्रेस की सुरक्षा कड़ी करने पर भी विचार-विमर्श किया गया। आईजी राजीव दासोत ने रेंज के सभी पुलिस अधीक्षकों को इस प्रकार की बैठकें करने के निर्देश दिए हैं।