जोधपुर.
दिनभर गर्मी व उमस के बाद गुरुवार को रात सवा नौ बजे तेज आंधी के साथ बरसात हुई। तेज अंधड़ के कारण कई स्थानों पर बिजली के पोल गिर गए और बिजली भी गुल हो गई। दिनभर तापमान के बढ़ते तेवरों के बीच गुरुवार को दोपहर में हवा में नमी 72 फीसदी और शाम को 38 फीसदी तक पहुंच गई। इस कारण आमजन इसकी चपेट में आ गए।
मौसम के बार-बार बदलते तेवरों के बीच रात सवा नौ बजे अचानक तेज अंधड़ ने शहर को धूल की चादर ने ढक लिया। हवा की गति इतनी तेज थी कि कई बिजली के पोल धराशायी हो गए। इस कारण प्रतापनगर क्षेत्र में बिजली गुल हो गई। शहर की चार दीवारी में भी बिजली के तार टकराने के कारण पुष्टिकर स्कूल मार्ग पर बिजली गुल हो गई।
करीब आधा घंटा तक चली आंधी से सड़क पर चल रहे दुपहिया वाहनों के चक्के थम गए। उन्हें पास से गुजर रहे वाहन भी नजर नहीं आ रहे थे। इस कारण लोग सुरक्षित स्थान पर खड़े होकर अंधड़ बंद होने का इंतजार करने लगे। उसके बाद ठंडी हवाओं के साथ बिजली चमकने लगी और बूंदाबांदी का दौर शुरू हो गया।
काजरी मौसम वैज्ञानिकों की मानें तो अगले एक या दो दिनों में उमस के कारण घने बादल छाए रहने और आंधी के साथ बरसात होने की संभावना है।
बरसात का तंत्र बना
अरब सागर से तीव्र नमी वाली हवाओं का रुख पूर्व दिशा की ओर होने से जोधपुर संभाग में भी उमस के बाद बादलों की आवाजाही और बरसात का तंत्र बन रहा है। मौसम विशेषज्ञों के अनुसार राजस्थान में मानसून एक्टीविटीज शुरू हो चुकी हैं। काजरी के मौसम वैज्ञानिक डॉ.एएस राव का कहना है कि वर्तमान में मानसून अंडमांड निकोबार पर है। वहां से 29 मई को केरल में पहुंचने की संभावना है।
इसी तरह अरब सागर से पश्चिमी विक्षोभ के कारण पश्चिमी राजस्थान में इस बार मानसून समय से पहले आने की संभावना है। राव के अनुसार दिल्ली में हुई बरसात का कारण पश्चिमी विक्षोभ है लेकिन जोधपुर और उसके आसपास के क्षेत्रों में उमस के कारण हल्के बादल अगले तीन दिनों में बरस सकते हैं।
फलौदी में सबसे गर्म दिन, जोधपुर की रातें
जोधपुर जिले का फलोदी क्षेत्र संभाग में सबसे गर्म रहा जहां गुरुवार को अधिकतम तापमान 42.3 डिग्री दर्ज किया गया। जोधपुर शहर का न्यूनतम तापमान 28.2 डिग्री पर पहुंचने से रात को गर्मी से राहत नहीं मिली।
एक नजर तापमान पर
अधि. न्यू.
फलौदी 42.3 23.5
ओसिया 39.2 27.2
बिलाड़ा 41.2 28.2
पाली 39.2 27.1
बाड़मेर 41.9 26.0
जैसलमेर 41.4 25.0