News
Rajasthan
Shekhawati Shekhawati सिरोही. पुलिस की ऑटो रिक्शा चालकोंे के प्रति कार्यशैली से खफा ऑटो रिक्शा चालक गुरुवार को रामझरोखा मैदान में लामबंद हुए और पहले आमसभा की। सभा के दौरान अध्यक्ष फिरोज पठान ने कहा कि पुलिस ने अभियान चलाकर यातयात नियमों की पालना करवाने की बजाय ऑटो रिक्शा चालकों को बेवजह परेशान किया है। आए दिन चालान काटने, धमकिया देने एवं वाहन सीज करने से ऑटो रिक्शा चालकों की आर्थिक रीढ़ टूट रही है।
संबोधन के बाद एक स्वर में संघर्ष का ऐलान हुआ और मौके पर से ही ऑटो रिक्शा रैली निकाली गई। रैली सिरे बाजार होते हुए अनादरा चौराहा, गोईली चौराहा, हाउसिंग बोर्ड होते हुए पैलेस रोड, निलवणी चौक से सुभाष उद्यान पहुंचे।
उधान के निकट सभी ऑटो रिक्शा खड़े कर चालक नारेबाजी करते हुए कलेक्टरी कक्ष पहुंचे। ऑटोरिक्शा यूनियन का एक प्रतिनिधि मंडल जिला कलेक्टर से मिला। यूनियन के पदाधिकारियों ने ज्ञापन सौंप अपनी व्यथा बताई। जिला कलेक्टर ने भी ऑटो रिक्शा चालकों की मनमर्जी पर अंकुश लगाने के लिए पदाधिकारियों को चेताया।
वार्ता में चले आरोप-प्रत्यारोप
प्रशासनिक अधिकारियों एवं ऑटो रिक्शा यूनियन के पदाधिकारियों के बीच वार्ता हुई। वार्ता के दौरान जहां चालकों ने पुलिस प्रशासन पर आरोप जड़े वहीं प्रशासन एवं पुलिस ने भी चालकों की गलतियों को रेखांकित किया। चालकों ने भी माना कि कुछ गलतियां उनसे होती है।
तकरार होते-होते बची
शांतिनगर से अनादरा चौराहा पर ऑटो रिक्शा चालकों ने मानव श्रृंखला बना हाईवे जाम का प्रयास किया। इतने में पुलिस दल मौके पर पहुंच गया और पहले समझाइश की। समझाइश से कुछ हल नहीं निकलने पर पुलिस अधिकारियों ने कड़ा रुख अपनाया और सभी चालकों को वहां से खदेड़ा।