HomeNewsNational National

चीनी मिसाइल की रेंज में है भारत!

नई दिल्ली. पाकिस्तान के अलावा भारत को अपने एक और सीमावर्ती देश से खतरा पैदा हो सकता है। चीन के मध्य भाग में एक विशाल परमाणु बैलेस्टिक मिसाइल तैनाती के ठिकाने का पता चला है। इस ठिकाने से नई दिल्ली समेत पूरे उत्तर भारत पर सीधा निशना साधा जा सकता है। और तो और रूस के दक्षिणी हिस्सों तक यहां से मार की जा सकती है।

'गूगल अर्थ' की वेबसाइट से लिए गए चित्रों के हवाले से फेडरेशन आफ अमेरिकन साइंटिस्ट्स ने रहस्योद्घाटन किया है कि चीन के मध्य भाग में देलिंगा और दा छियादाम के नजदीक 275 किलोमीटर की पट्टी में करीब साठ परमाणु मिसाइल प्रक्षेपण स्थल हैं।

रिपोर्ट में कहा गया है कि चीन की डीएफ 21 मिसाइलें यहां से दक्षिण रूस और नई दिल्ली समेत उत्तर भारत के कई शहरों को निशाना बना सकती हैं। देलिंगा के मुख्य इलाके में मिसाइल ब्रिगेड का मुख्यालय दिखाया गया है जहां टेंटनुमा ढांचे दिखाए गए हैं।

देलिंगा शहर के पश्चिम में 36 मिसाइल लांच पैड देखे गए हैं, जबकि 22 लांच पैड दा छियादाम में होने का खुलासा हुआ है। उपग्रह के चित्रों में मिसाइल तैनाती के हर इलाके में कमान व कंट्रोल सुविधाएं भी दिखाई गई हैं, जो भूमिगत हैं। शोधकर्ता ने कहा कि इन सुविधाओं को पहचानना आसान नहीं है। यहां कई तरह के लान्च पैड, कमांड व कंट्रोल सुविधाएं और मिसाइल छोड़े जाने से संबंधित उपकरण मौजूद हैं। फेडरेशन के शोधकर्ता हैंस क्रिस्टनसेन ने अपनी रिपोर्ट में लिखा है कि यह बड़ा मिसाइल ठिकाना जी 315 हाई-वे पर है जो महाई तक जाता है।

अभी पंद्रह दिन पहले ही दक्षिण चीन सागर के हेनान द्वीप में एक गुफा में चीन के परमाणु पनडुब्बी के भूमिगत अड्डे का भी पता चला था। यह पर्दाफाश एक पत्रिका ने किया था। यह सच सामने आने से पूरी दुनिया में सनसनी मच गई थी।





अपने विचार यहां लिखें
नाम:
ईमेल आईडी:
भाषा चुनॆ
हिन्दी रॊमन‌ हिन्दी फॊनॆटिक English
विचार:
कोड: