कोलकाता. पश्चिम बंगाल के उत्तरी 24 परगना क्षेत्र में सोदेपुर इलाके में शुक्रवार को एक शापिंग माल में आग लग जाने के कारण जहां 10 लोगों की मौत हो गई वहीं पर इसमें कम से कम 27 के घायल होने की भी खबर है। पुलिस सूत्रों के अनुसार अभी तक सात शवों को निकाला जा चुका है।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक प्रवीण त्रिपाठी ने जानकारी देते हुए कहा कि माल में आग दूसरी इमारत में हो रहे वेल्डिंग कार्य के चलते हो गई है ऐसा अनुमान है। श्री त्रिपाठी ने बताया कि आग इतना जबरजस्त था कि इसने जल्द ही तीन मंजिला इमारत को अपनी गिरफ्त में ले लिया और इमारत में चारों तरफ धुआं ही धुआं फैल गया। उन्होंने बताया कि बहुत ही संकरे इलाके में स्थित इस माल में खरीददारी करने आए ग्राहकों को दमकल कर्मियों ने काफी मशक्कत के बाद खिड़की तोड़कर बाहर निकाला।
फायर ब्रिगेड विभाग ने बताया कि माल में धुआं उठने से कई लोगों के दम घुटने से बीमार हो गए है। घायलों को अस्पताल में भर्ती करा दिया गया है।