HomeNewsMetrosJaipur Jaipur

कहां गया गरीबों का गेहूं

कुड़गांव (करौली). जिला प्रशासन एवं सपोटरा पंचायत समिति के अधिकारियों की लापरवाही से पंचायत समिति सपोटरा की ग्राम पंचायतों में करीब 5 वर्ष पूर्व स्वर्ण जयंती रोजगारयोजना के कार्य का भुगतान अब तक नहीं मिल पाया है, जिससे ग्राम पंचायत के पूर्व सरपंचों व मजदूरों को खासी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

ग्रामीण रामभरोसी मीणा, ठंडीलाल, जगराम मीणा, रूपसिंह मीणा, सोमोत्या बैरवा आदि ग्रामीणों ने बताया कि सपोटरा पंचायत समिति की डिकोली, बूकना, कालागुडा, निभेरा, डाबरा, महमदपुर, कुड़गांव, इनायती, लूलौज, भरतून, चौड़ागांव, सपोटरा व नानपुर सहित सभी ग्राम पंचायतों में करीब 5 वर्ष पूर्व संपूर्ण ग्रामीण गारंटी योजना के तहत रास्ता पटाव व ग्रेवल सड़क निर्माण जैसे कार्य कराए गए थे।

ग्रामीणों ने बताया कि इस योजना में कार्य करने वाले मजदूरों को सरपंच द्वारा कूपन दिए जाने पर राशन डीलर द्वारा गेहूं वितरित किया जाना था, लेकिन ग्राम पंचायतों में कूपन ही नही हैं और जहां ये कूपन हैं, वहां वितरण नहीं हुआ है, जिससे मजदूरों को खासी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

सपोटरा पंचायत समिति के एक कर्मचारी ने अपना नाम प्रकाशित नहीं करने की शर्त पर बताया कि पूर्व में इसकी शिकायत दर्ज कराने पर भरतपुर से योजना की ऑडिट आई और जांच हुई, जिसमें गेहूं भी बकाया मिला, लेकिन कार्रवाई नहीं हुई। इसके बाद मजदूरों ने कई बार जिला प्रशासन एवं सपोटरा पंचायत समिति के अधिकारियों को समस्या से अवगत कराया और मजदूरी की मांग की, लेकिन उन्हें आश्वासन के अलावा अब तक कुछ नहीं मिला है।

ग्रामीण एवं मजदूरों ने बताया कि करीब 5 वर्ष पूर्व किए कार्य की मजदूरी नहीं मिलने से उन्हें आर्थिक परेशानी उठानी पड़ रही है। हालांकि कई मजदूरों ने यह भी बताया कि सपोटरा पंचायत समिति की 55 में से करीब 6 ग्राम पंचायतों में ही गेहूं वितरित हुआ है, शेष पंचायतों में अभी भी मजदूर एवं सरपंचों को गेहूं व कूपन नहीं मिल पाए हैं। इस संबंध में मजदूरों ने कलेक्टर एवं रसद विभाग के उच्चधिकारियों को पत्र भेजकर योजना का गेहूं और कूपन दिलाए जाने की मांग की है।

मेरी जानकारी में ऐसा कोई मामला नहीं आया है और ना ही कोई शिकायत मिली है, फिर भी इसकी जांच कराई जाएगी और कूपन वितरित कराकर मजदूरों को गेहूं दिलाने के हरसंभव प्रयास किए जाएंगे।
—रजतप्रकाश शर्मा, मुख्य कार्यकारी,अधिकारी जिला परिषद, करौली





अपने विचार यहां लिखें
नाम:
ईमेल आईडी:
भाषा चुनॆ
हिन्दी रॊमन‌ हिन्दी फॊनॆटिक English
विचार:
कोड: