जयपुर. पाला-शीतलहर और ओलावृष्टि से खराब हुई फसलों के कारण 2461 गांव अभावग्रस्त घोषित किए हैं। इस बारे में सरकार ने 2 अलग-अलग अधिसूचनाएं जारी की हैं।
आपदा प्रबंधन एवं सहायता विभाग के सचिव सी. के. मैथ्यू ने बताया कि पाला और शीतलहर से दस जिलों के 2381 गांवों को रबी की फसल खराब होने पर अभावग्रस्त घोषित किया गया है।
इनमें बीकानेर के 14, श्रीगंगानगर के 249, जयपुर के 1722, झालावाड़ के 178, सवाई माधोपुर के 25, टोंक के 103, जोधपुर के 29, नागौर के 43, सीकर के 13 और जैसलमेर के 5 गांव शामिल हैं। उन गांवों में 30 सितंबर, 08 तक राजस्व वसूली स्थगित रहेगी। उन्होंने बताया कि ओलावृष्टि के कारण पांच जिलों के 80 गांव अभावग्रस्त घोषित किए गए हैं। इनमें सीकर के 28, जोधपुर के 15, हनुमानगढ़ के 15, जैसलमेर के 13 तथा श्रीगंगानगर के 9 गांव शामिल हैं।