जोधपुर. स्कूलों में पढ़ने वाले कुछ युवकों ने वाहन चुराने का गिरोह बना लिया और छह माह में शहर से करीब दो दर्जन मोटरसाइकिलें चुरा लीं। सरदारपुरा पुलिस ने इन छात्रों के ऐश मौज पर नजर रखी तो 7 युवक पकड़े गए तथा उनकी निशानदेही पर 6 मोटरसाइकिलें भी बरामद हो गई। इन छात्रों ने अब तक 18 वारदातें स्वीकार की है।
शहर में वाहन चोरी की बढ़ती वारदातें रोकने के लिए सिटी एसपी मालिनी अग्रवाल ने एएसपी सवाईसिंह गोदारा, डीएसपी ओपी जांगिड़ व सरदारपुरा थानाधिकारी चैनसिंह महेचा के नेतृत्व में टीम गठित की थी। इस टीम में शामिल एएसआई हनुमानसिंह, महावीरसिंह तथा कांस्टेबल गोकलराम व उमेशचंद ने शहर में उन लड़कों पर निगाह रखी जो इन दिनों ऐश-मौज में मस्त हो रहे थे।
विभिन्न कोचिंग सेंटरों पर आने वाले छात्रों पर ध्यान केंद्रित किया तो ऐसे कुछ लड़कों का पता लगा जो काफी समय से अनुपस्थित थे। इन छात्रों की जानकारी जुटाई तो पता चला कि बीजेएस निवासी सुरेंद्रसिंह व शक्तिनगर निवासी भृगु सोनी अक्सर नई मोटरसाइकिलों पर घूमते हैं। पुलिस ने दोनों को पकड़ कर पूछताछ की तो उन्होंने वाहन चुराना स्वीकार कर लिया।
खुलने लगी वारदातें
सुरेंद्र व भृगु से पूछताछ में पूरा गिरोह सामने आ गया। उन्होंने बताया कि इन वारदातों में शिव शक्ति कॉलोनी भागीरथ जोशी भी साथ था। पुलिस ने भागीरथ को पकड़ा तो मदेरणा कॉलोनी निवासी हेमंत भार्गव, महामंदिर तीसरी पोल निवासी घासीराम उर्फ गिन्नी मेघवाल, भदवासिया निवासी सुधीर परिहार तथा जूनी बागर निवासी मुकेश परिहार का नाम भी सामने आया। पुलिस ने इन चारों को भी गिरफ्तार कर लिया।