जोधपुर. राजस्थान हाईकोर्ट परिसर स्थित एडवोकेट एसोसिएशन की लाइब्रेरी में गुरुवार रात चोरी हो गई। चोर कांच के दो दरवाजे तोड़ कर भीतर घुसा तथा अलमारी तोड़ कर उसमें रखे दो हजार रुपए चुरा लिए। गुरुवार रात चोर ने एडवोकेट एसोसिएशन की लाइब्रेरी में सेंध मारी। उसने लाइब्रेरी के पिछले गेट का कांच तोड़ा। भीतर घुसने के बाद कंप्यूटर कक्ष के दरवाजे का कांच भी तोड़ दिया। फिर लाइब्रेरी में रखी अलमारी का ताला पेचकस से खोला।
उसके बाद लॉकर खोल कर उसमें रखे दो हजार रुपए चुरा लिए। शुक्रवार सुबह एसोसिएशन का कार्यालय सहायक बगताराम नाहर वहां पहुंचा तो उन्हें चोरी का पता चला। कार्यालय सहायक की रिपोर्ट पर पुलिस ने चोरी का मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी।
डॉग स्क्वाड ने परिसर छाना
चोरी की सूचना मिलते ही डीएसपी नारायणसिंह राजपुरोहित व थानाधिकारी दिनेशकुमार मीणा वहां पहुंचे। कांच तोड़ने से चोर का हाथ जख्मी हो गया था, खून के छींटे लाइब्रेरी में पड़े हुए थे। ये छींटे छत तक थे इसलिए पुलिस ने डॉग स्क्वाड को मौके पर बुलाया। डॉग स्क्वाड टीम ने छानबीन की तो पता चला कि चोर पिछले रास्ते से आया था तथा छत पर चढ़ कर एसटीडी के छज्जे से उतर कर भाग गया। पुलिस का अनुमान है कि चोर नशेड़ी है इसलिए पुलिस नशेड़ी तथा हाथ में चोट लगे व्यक्ति की तलाश कर रही है।