HomeNewsRajasthanJodhpur Jodhpur

चक्रवात से बिगड़ा मौसम चक्र

जोधपुर/ पाली. गर्मी व उमस से त्रस्त मारवाड़ के वायुमंडल में चक्रवात सक्रिय है। इससे मौसम में निरंतर बदलाव आ रहा है। उत्तर पश्चिम से बह रही हवाओं का दौर जारी है, मगर जब भी हवा का रुख बदला है तब अंधड़ व बारिश के साथ ओले भी गिरे हैं। मौसम का यह नया मिजाज कायम है इस कारण एक दो दिन में फिर बादल छाए रहने और तेज आंधी के साथ बरसात होने की संभावना मौसम वैज्ञानिकों ने व्यक्त की है।

काजरी के मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि आने वाले तीन दिनों में जोधपुर और इसके आसपास के 50 किलोमीटर क्षेत्र में बादल छाए रहेंगे और 8.7 किलोमीटर प्रतिघंटा की रफ्तार से हवाएं चलेंगी। इसके बावजूद तापमान में अधिक गिरावट आने के आसार नहीं हैं। दिन का तापमान 38 से 39 डिग्री के बीच और रात का तापमान 27 डिग्री के आसपास रहेगा।

तपती दुपहरी ने बढ़ाई बेचैनी
मारवाड़-गोडवाड़ में शुक्रवार को भी तेज गर्मी ने लोगों को बेहाल रखा। दिन में कड़ी धूप के कारण सड़कें और व्यस्तम इलाके वीरान कर दिए। दोपहर में चली धूलभरी हवा ने भी लोगों को परेशान रखा। गर्मी के कारण लोगों को काफी बेचैनी महसूस हुई। यहां शुक्रवार को अधिक तापमान 39.7 डिग्री सेल्सियस तथा न्यूनतम तापमान 27.4 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड गया। सिरोही व जालोर में गर्मी एक बार फिर असर दिखा रही है। झुलसा देने वाली गर्मी के कारण जनजीवन पर भी इसका खासा असर देखा जा रहा है।

दोपहर में तो इस कारण लोग घरों से बाहर तक नहीं निकलते। तपती दुपहरी में चली धूलभरी हवा से भी वाहन चालक और राहगीर परेशान नजर आए। संभाग के कई इलाकों में गुरुवार को अंधड़ के साथ बारिश व ओले गिरने के बावजूद शुक्रवार को दिनभर गर्म हवाएं चलती रहीं और गर्मी के तेवर तीखे रहे। जोधपुर में गर्म हवा के कारण आद्र्रता अधिकतम 69 फीसदी और न्यूनतम 31 फीसदी रही। दो दिनों से चल रही गर्म हवा के कारण लू से पीड़ित तीन व्यक्तियों को गांधी अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। वहीं उल्टीदस्त के रोगियों की तादाद भी बढ़ गई है।

शुक्रवार को संभाग में जैसलमेर सबसे गर्म रहा। वहां अधिकतम तापमान 42.9 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया। वहीं जोधपुर जिले में बिलाड़ा क्षेत्र का तापमान 41.8 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया। फलौदी का तापमान भी 41.2 डिग्री पर स्थिर रहा।





अपने विचार यहां लिखें
नाम:
ईमेल आईडी:
भाषा चुनॆ
हिन्दी रॊमन‌ हिन्दी फॊनॆटिक English
विचार:
कोड: