इंदौर. सांसद के घर का रास्ता यहां (ग्रेटर कैलाश) से जाता है इसलिए इसका काम पहले शुरू किया जा रहा है। हालांकि पहला नाम पत्रकार कॉलोनी-तिलकनगर मेनरोड का था। उसका काम भी जल्द शुरू होगा। ये दोनों फीडर रोड बनने से क्षेत्र को ट्रैफिक जाम की समस्या से निजात मिलेगी।
यह बात महापौर डॉ. उमाशशि शर्मा शुक्रवार रात ग्रेटर कैलाश रोड के निर्माण की शुरुआत पर आयोजित समारोह में कही। उन्होंने बताया अभी पलासिया थाने से आनंद बाजार का हिस्सा सौ फीट बना रहे हैं। उससे आगे साकेतनगर तक की बाद में बनाएंगे। काम तेजी से चलाने के लिए रात में ट्रैफिक बंद करने का विचार है। तब पलासिया चौराहे0े से पत्रकार कॉलोनी वैकल्पिक मार्ग होगा। अभी तक शुरू की गई तीनों फीडर रोड विधानसभा-पांच की हैं। अब दूसरे क्षेत्रों में भी काम शुरू करेंगे।
‘मैं भी राह देख रही हूं’
सांसद श्रीमती महाजन ने कहा मैं कबसे इस सड़क की राह देख रही हूं। साकेतनगर के हिस्से को भी सुधारना चाहिए। महापौर सड़क, पानी और जेएनएनयूआरएम के कार्यो के लिए बार-बार दिल्ली चक्कर लगाती हैं। उन्हें देख मंत्रालय के सेक्रेटरी भी कहते हैं आप बार-बार आती हैं इसलिए हर काम स्वीकृत करेंगे। कनाड़िया रोड बंगाली नाके के पास रोटरी के दोनों ओर सब्जी वालों के जमावड़े से ट्रैफिक रूकता है। पत्रकार कॉलोनी चौराहे पर कुछ लोगों ने दुकानों की आड़ में मंदिर बना लिया है ताकि सड़क चौड़ी करते समय बच सकें।
ज्यादा पेड़ नहीं कटेंगे
पार्षद निर्मला लड्ढा ने कहा 5.40 करोड़ में बन रही इस सड़क को चौड़ी करने के लिए केवल अव्यवस्थित पेड़ ही कटेंगे। विधायक महेंद्र हार्डिया ने कहा क्षेत्र-पांच के बाकी कामों के लिए भी प्रयास जारी हैं। संचालन कर रहे पूर्व पार्षद समीर चिटनीस ने कहा एक हफ्ते में इस क्षेत्र में आठ करोड़ रुपए के काम शुरू हो रहे हैं। जनकार्य प्रभारी ललित पोरवाल ने कहा 95 करोड़ की 13 फीडर सड़कें दूरगामी परिणाम देंगी। आभार गोपाल लड्ढा ने माना। विकास प्राधिकरण उपाध्यक्ष चंदू माखीजा, जलकार्य समिति प्रभारी देवकृष्ण सांखला, राजेश उदावत, सिटी इंजीनियर हंसकुमार जैन, फीडर रोड प्रभारी अशोक राठौड़ भी समारोह में मौजूद थे।