इंदौर.
इंदौर विकास प्राधिकरण स्कीम-134, 136 और 140 के मध्यम श्रेणी के प्लॉटों के आवेदन बगैर परेशानी के जमा हुए। छोटे प्लॉटों की तुलना में कम आवेदन आने से ज्यादा भीड़ नहीं थी। शुक्रवार को 801 से 1500 वर्गफीट तक के प्लॉटों के लिए आवेदन जमा करने का आखिरी दिन था। शाम पांच बजे तक फॉर्म जमा होते रहे।आधिकारिक सूत्रों ने बताया छोटे प्लॉटों की अपेक्षा मध्यम श्रेणी के प्लॉटों के फॉर्म बिके भी कम और जमा भी कम हुए। अनुमानत: करीब 25000 फॉर्म बिकने के आसार हैं। सोमवार शाम तक स्थिति स्पष्ट होगी। दूसरे चरण में प्राधिकरण 28 मई को लॉटरी से प्लॉटों का आवंटन करेगा।
प्राधिकरण ने शहर की पांच बैंकों की 45 शाखाओं से फॉर्म खरीदने और जमा करने की व्यवस्था की थी। इनमें ओरिएंटल बैंक, बैंक ऑफ इंडिया, यूनियन बैंक ऑफ इंडिया, एचडीएफसी बैंक और देना बैंक शामिल हैं।
प्राधिकरण में चार बैंकों ने जमा किए फॉर्म
प्राधिकरण परिसर में ओरिएंटल बैंक, बैंक ऑफ इंडिया, यूनियन बैंक और एचडीएफसी बैंक ने स्टॉल लगाए थे। यहां दिनभर फॉर्म जमा करने वालों का तांता लगा रहा और शाम तक ही काउंटरों की कतार खत्म हो सकी। शनिवार को सरकारी छुट्टी होने के बावजूद प्राधिकरण में फॉर्मो की छंटनी और जांच का काम होगा। इसके बाद लॉटरी के लिए पात्र लोगों की सूची घोषित होगी।