पुष्कर. जयपुर में सीरियल बम ब्लास्ट के असर से यहां का पर्यटन व्यवसाय भी अछूता नहीं रहा। ब्लास्ट की घटना के बाद यहां बाहरी देशों से आने वाले सैलानियों की संख्या यकायक थम गई है।
धमाका कांड के बाद तीन दिन में सौ से अधिक विदेशी पर्यटक पुष्कर छोड़ कर चले गए है। प्रतिदिन आने वाले पर्यटकों की संख्या भी घट कर आधी रह गई है। हालांकि गर्मी के कारण इन दिनों विदेशी पर्यटकों की आवाजाही वैसे ही कम है, लेकिन इस बीच जयपुर में हुए आतंकी हमले ने पर्यटन व्यवसायियों की कमर तोड़ दी है। पर्यटकों की कमी के कारण अधिकांश होटलों में सन्नाटा पसर गया है। यहां ठहरे विदेशी सैलानियों से ‘भास्कर’ ने बात की तो वे डरे हुए नजर आए।
ठ्ठ जयपुर विस्फोट से मैं काफी घबरा गई हूं। परिवारवालों को भी चिंता हो रही है। वे बार-बार फोन से संपर्क कर रहे हैं। मैं शीघ्र ही राजस्थान से सुरक्षित स्थान पर लौटने का विचार कर रही हूं।
- बारबरा, जर्मन पर्यटक
ठ्ठ मैं तीन माह के लिए घूमने आई थी। राजस्थान में मेरा एक महीने का टच्यूर था, लेकिन जयपुर में बम विस्फोट की घटना से मैंने पुष्कर में रह कर समय बिताने का विचार बदल लिया है। अब हिमाचल में होली डे का विचार है।
- जूजी, जापानी पर्यटक
ठ्ठ विस्फोट के बाद पर्यटन व्यवसाय प्रभावित तो हुआ है, लेकिन अभी ऑफ सीजन होने की वजह से इतना महसूस नहीं हो रहा है। निश्चिततौर पर इसका असर आने वाले दिनों में सामने आएगा।
- अशोक टांक, पर्यटन व्यवसायी
ठ्ठ बीते तीन दिन से पर्यटकों की संख्या एकाएक थम सी गई है। बाजार में भी बहुत कम विदेशी नजर आ रहे हैं। होटलों में कम सैलानी रह गए हैं और आने वालों की संख्या भी घटी है।
प्रदीप भट्ट, पर्यटन व्यवसायी