अजमेर.
द इंस्टीट्यूट ऑफ चार्टर्ड अकाउंटेंट्स ऑफ इंडिया के वाइस प्रेसीडेंट उत्तम प्रकाश अग्रवाल ने कहा कि वर्तमान में देश में लगभग 2 लाख सीए की आवश्यकता है। इस कोर्स की डिमांड लगातार बढ़ती जा रही है। बदली परिस्थितियों में वृहद और लघु उद्योगों में अकाउंट के लोग कम हो गए हैं।
वह शुक्रवार को वैशालीनगर स्थित इंस्टीट्यूट के स्थानीय सेंटर पर कम्प्यूटर लैब का उद्घाटन करने के बाद खबरनवीसों से बात कर रहे थे। उन्होंने बताया कि इंस्टीट्यूट जल्द ही अकाउंटेंट टेक्निशियन डिपलोमा कोर्स शुरू करेगा। इंस्टीट्यूट की परीक्षाएं दिसंबर 2008 से ऑनलाइन शुरू होंगी।
उन्होंने कहा कि आज के वातावरण के अनुसार ही आल इंडिया काउंसिल की ओर से जल्दी ही शुरू होने वाले एक वर्षीय अकाउंट टेक्निशियन डिप्लोमा कोर्स के लिए अगले महीने में नोटिफिकेशन जारी हो जाएगा। उन्होंने कहा कि कॉमन प्रीफेंसी टेस्ट सीपीटी दिसंबर से ऑनलाइन होगा। अब चार की जगह दो ही टेस्ट परीक्षार्थी को देनें होंगे।
हर ब्रांच के अपने भवन
अग्रवाल के मुताबिक 2010 तक अजमेर समेत राज्य की सभी सातों ब्रांचों के स्वयं के अपने भवन हो जाएंगे। अजमेर ब्रांच को भवन के लिए 50 लाख रुपए ग्रांट दी गई है और यहां 16 कम्प्यूटर लगाए गए हैं। 31 मई तक देश के 126 कम्प्यूटर लैब शुरू हो जाएंगे। इस मौके पर अग्रवाल के साथ सेंट्रल काउंसिल के मेम्बर अनुज गोयल और कानपुर ब्रांच के अध्यक्ष सुधीर भंसाली भी थे।