अजमेर. बसपा नेता प्रहलाद गुंजल और अत्तर सिंह भडाणा ने आरोप लगाया है कि बॉर्डर पर डेढ़ लाख बीघा जमीन की खरीद-फरोख्त में सीएम वसुन्धरा राजे का हाथ है। उनका दावा है कि गुर्जर समाज बसपा के साथ है।
सत्ता परिवर्तन संकल्प यात्रा के दौरान अजमेर पहुंचे नेताओं ने शुक्रवार को सर्किट हाउस में पत्रकारों से बातचीत में कहा सीमा पर जमीन बिकने के मामले में सरकार संवेदनहीन रही है। नतीजतन राज्यपाल को दस्तावेजों की जांच कर केन्द्र को रिपोर्ट भेजनी पड़ी। उन्होंने कहा कि जमीन की इतनी बड़ी डील की सरकार को भनक नहीं हो, ऐसा नहीं हो सकता। खुफिया एजेन्सियों के सावधान करने के बावजूद सरकार ने चार सब रजिस्ट्रार को निलंबित कर सचिव स्तर की जांच बैठाने के अलावा कुछ नहीं किया।
आतंकी हमला चुनौती
गुर्जर नेताओं ने कहा कि भाजपा सरकार में 48 माह में राज्य के 49 लोग मारे गए हैं। जयपुर में आतंकी हमला हमारे लिए चुनौती है। इससे बड़ी चुनौती तो यह है कि आतंकियों ने घटना से पहले का वीडियो ईमेल से भेजा है। इस घटना पर सीएम गैरजिम्मेदाराना व्यवहार कर रही हैं।
सीएम के ई-मेल को झूठा बताने के बयान ने पुलिस को धर्मसंकट में डाल दिया है। आखिर सीएम किस आधार पर ईमेल को झूठा बता रही हैं? इससे पता लगता है कि सरकार की मुखिया कितनी गंभीर हैं। उन्हें इस्तीफा दे देना चाहिए। केन्द्र को चाहिए कि ऐसी गैरजिम्मेदार सरकार को बर्खास्त कर राष्ट्रपति शासन लागू करें।
गुर्जर बसपा के साथ
भडाणा व गुंजल ने कहा कि गुर्जर आरक्षण आंदोलन अभी खत्म नहीं हुआ है। सरकार से सड़कों तक की लड़ाई लड़ ली है। अब गुर्जर बसपा के माध्यम से सरकार बनाएगा। यह फैसला तो 10 मार्च को जयपुर में हुई सभा में हो चुका है।
कांग्रेस- भाजपा से जुड़े चंद लोग गलत बयानी कर गुमराह कर रहे हैं। भाजपा व कांग्रेस ने गुर्जरों को कुछ नहीं दिया। बसपा प्रमुख मायावती पहली राष्ट्रीय नेता हैं, जिन्होंने गुर्जरों को आरक्षण की बात कही है। गुर्जर नेताओं ने कहा कि सरकारी एजेन्ट ही ऐसी भाषा बोल रहे हैं कि गुर्जरों को विशेष पैकेज देगी, तो गुर्जर भाजपा के साथ हैं। उन्होंने कहा कि 29 मई को पाटौली में होने वाली समाज की बैठक में वे भाग लेंगे।
तीसरी शक्ति
गुर्जर नेताओं ने कहा यात्रा के तहत नौ जिलों में 40 से 50 बैठकें कर चुके हैं। स्पष्ट लग रहा है कि जनता बदलाव की मानसिकता बना चुकी है। भाजपा को सत्ता व कांग्रेस को विरोध की जिम्मेदारी दी, लेकिन दोनों ने धर्म नहीं निभा कर जनादेश का अपमान किया है। भाजपा काल में भ्रष्टाचार चरम पर है। साढ़े चार साल में सरकार ने लाठी-गोली के अलावा कुछ नहीं दिया। राज्य में विपक्ष नाम की चीज नहीं है। बसपा तीसरी राजनीतिक शक्ति बन कर उभरेगी।