HomeNewsMadhya PradeshGwalior Gwalior

प्यासी जनता का हल्ला बोल

शिवपुरी. नगरपालिका परिसर में शुक्रवार की दोपहर शहर की प्यासी जनता ने हल्ला बोल दिया। वार्ड 14 और 34 के लोगों की भीड़ ने एकराय होकर सीएमओ एन के गुप्ता और उपाध्यक्ष पदम चौकसे के चेंबर में न केवल जमकर हंगामा मचाया, बल्कि यहां लस्सी पी रहे पाषर्दों और नपा अधिकारियों को खरी खोटी सुना डाली।

गुस्साए लोगों ने कहा कि पार्षद और अधिकारी दही की लस्सी पीने में मस्त हैं और हमें दो बूंद पानी की नहीं मिल रही है। बाद में सीएमओ और पार्षदों ने जनता को पानी मुहैया कराने का आश्वासन देकर इस हंगामे से अपना पिंड छुड़ाया। हुआ यूं कि दोपहर करीब 12 बजे जब नपा सीएमओ एनके गुप्ता अपने कार्यालय में बैठे हुए थे, उसी समय यहां वार्ड 34 की जनता पाषर्द मालतीदेवी सोनी के पति के साथ आ गई। इस वार्ड में कमलागंज जाटव मोहल्ले के लोगों का आक्रोश इस बात को लेकर था कि पूरे शहर में विधायक व नपा निधि से बोर कराए जा रहे हैं, पर गरीबों की बस्ती होने के बाद भी जाटव मोहल्ला में एक भी बोर नहीं कराया गया है और यहां लोग पानी के लिए मोहताज हो रहे हैं।

जाटव मोहल्लों के लोगों ने सीएमओ श्री गुप्ता का घेराव किया और चेतावनी दी कि यदि उनको पानी नहीं मिला तो वे आंदोलन करेंगे। जैसे-तैसे सीएमओ ने इस वार्ड के लोगों को आश्वासन देकर शांत किया तो तभी वार्ड 14 की गुस्साई जनता आ पहंची और सीधे उनके चेंबर में घुसी चली आई। हालात ये बने कि सीएमओ के कार्यालय में जनता के हल्ला बोल ने पार्षदों को भी विचलित कर दिया।

जनता के आक्रोश को देखते हुए सीएमओ चेंबर से निकले और उपाध्यक्ष पदम चौकसे के चेंबर में घुस गए। जहां कई पार्षद पूर्व से बैठे हुए थे और वे लस्सी पी रहे हैं। जनता भी सीधे उनके पीछे उपाध्यक्ष के चेंबर में घुस गई। जहां पार्षदों और अधिकारियों को लस्सी पीता देख लोगों को और गुस्सा आ गया और उन्होंने उपाध्यक्ष के कमरे में हंगामा मचाया। लोगों ने नपा के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। हंगामे का यह दौर करीब आधा घंटे तक चला और इस बीच कई पार्षद यहां से निकल गए। परंतु प्यासे लोगों का गुस्सा कम नहीं हुआ और वे तब तक यहां प्रदर्शन करते रहे, जब तक उन्हें पेयजल मुहैया कराने का लिखित आश्वासन नहीं दे दिया गया।

पानी के मुद्दे पर सीएमओ की फजीहत

नपा सीएमओ श्री गुप्ता की इनदिनों फजीहत हो रही है । एक ओर जहां पानी के मुद्दे पर आए दिन जनता उनका घेराव कर रही है वहीं पार्षद भी पीछे नहीं हैं। आज जब वार्ड 14 और 34 की जनता उनका घेराव कर रही थी, उसी समय पार्षद रामू गुर्जर और अरुण पंडित ने किसी काम को लेकर सीएमओ पर दबाव बनाया । रामू गुर्जर ने सीएमओ से कहा कि वे पहले मेरा काम करें। जबकि अरुण पंडित ने कहा कि सभी काम बाद में, पहले मेरा काम किया जाएगा। कुल मिलाकर पार्षदों के बीच सीएमओ असहाय खड़े नजर आए।





अपने विचार यहां लिखें
नाम:
ईमेल आईडी:
भाषा चुनॆ
हिन्दी रॊमन‌ हिन्दी फॊनॆटिक English
विचार:
कोड: