बीकानेर.
देवी कुंड सागर में अब शीघ्र ही आईजीएनपी का पानी पहुंचेगा। कलेक्टर की ओर से इंदिरा गांधी नहर बोर्ड को सागर तक पानी पहुंचाने के लिए एक प्रस्ताव भेजा गया था जिसे स्वीकार कर लिया गया।
15 मई को सागर में प्रति दिन डेढ़ क्यूसेक पानी देने के आदेश जारी हो गए। नहर परियोजना के मुख्य अभियंता कुंदनलाल ने इसकी जानकारी शुक्रवार को कलेक्टर शिखर अग्रवाल को भी दे दी। उन्होंने कलेक्टर से सागर तक पानी पहुंचाने के लिए व्यवस्था करने के लिए भी कहा।
अब प्रशासन यूआईटी या जलदाय विभाग के मार्फत यहां पानी पहुंचाने के लिए पाइप लाइन बिछाने का काम कराएगा। गौरतलब है कि देवी कुंड सागर की पहचान पवित्र स्थल के रूप में तो है ही साथ ही पर्यटन स्थल के रूप में भी है। आसपास राज परिवार की छतरियां भी हैं।
सावन के सोमवार को यहां मेला भी लगता है। सागर में पानी भरने के साथ ही यहां पिकनिक स्पॉट का भी विकास संभव है। सागर में पानी की मांग लंबे समय से चल रही थी लेकिन उसकी स्वीकृति 15 मई को जारी हो सकी। इस आशय का आदेश नहर बोर्ड जयपुर से बीकानेर पहुंच गया है। हालांकि कलेक्ट्रेट में इसकी जानकारी एक सप्ताह पहले ही आ गई थी।
प्रशासन ने अब जलदाय विभाग से बीकानेर माइनर से देवीकुंड सागर तक पाइप लाइन बिछाने के लिए कहा है। जलदाय विभाग भी इसमें जुट गया है। सब कुछ ठीक रहा तो शीघ्र ही शहरवासियों व पर्यटकों को सागर पानी से लबालब मिलेगा। कलेक्टर शिखर अग्रवाल ने बताया कि सागर लोगों की श्रद्धा से जुड़ा है इसलिए यहां विकास भी होना चाहिए। इसी बाबत पानी के लिए नहर विभाग से मांग की गई थी। उन्होंने कहा कि शीघ्र ही इस स्थल को और आकर्षक बनाया जाएगा।