News
Madhya Pradesh
Gwalior Gwalior ग्वालियर. हाईवे पर हुई वारदातों के बाद पुलिस की एक्सरसाइज रंग दिखाने लगी है। पिछले तीन महीनों के दौरान हाईवे पर हुई चार बड़ी वारदातें पुलिस ने ट्रेस की हैं। दो वारदातें तो पिछले पांच दिनों में ट्रेस हुई हैं। खास बात यह है कि इस चौकसी के लिए हाईवे पर अतिरिक्त पुलिस फोर्स नहीं दिया गया है। एडी मूवमेंट के लिए जो पुलिस फोर्स दिया गया था, उसका उपयोग अब हाईवे पर चौकसी के लिए किया जा रहा है।
ऐसे सुलझी चार वारदातें
-फरवरी माह में जौरासी घाटी पर बदमाशों ने एक सोना-चांदी व्यापारी के मुनीम से दस लाख रुपए के जेवरात लूट लिए थे। इस वारदात के बीस दिन बाद पुलिस ने बदमाशों को पकड़ा। इस मामले में वारदात वाले दिन चेकिंग प्वाइंट के रजिस्टर में दर्ज किया गया आरोपियों की गाड़ी का रजिस्ट्रेशन नंबर काम आया।
-मोहना से सटे सुभाषपुरा थानाक्षेत्र में हाईवे पर एक ट्रक लूटकर बदमाशों ने इसके क्लीनर और ड्राइवर की हत्या कर दी थी। पुलिस ने इस मामले को हाईवे पर फैले मुखबिरों से एसडीओपी शिवपुरी नीरज पाण्डेय को मिली सूचना के बाद धर-दबोचा। एक सप्ताह पहले रांपी गाड़कर ट्रक लूटने वाले गैंग को भी सुभाषपुरा में पकड़ा गया था।
-पांच दिन पहले 11 मई को सवारी बनकर बैठे बदमाशों ने घाटीगांव थानाक्षेत्र में सिमरिया टेकरी पर चने से भरा एक ट्रक लूट लिया। घटना के छह घंटे बाद पुलिस ने माल बेहट थानाक्षेत्र से जब्त कर लिया, ट्रक पुलिस को गोहद में मिला। इस मामले में पुलिस ने कुछ संदेहियों को भी पकड़ा है।
- 15 मई को मऊछ घाटी पर एक दंपति से सोने का जेवरात लूटने वाले बदमाशों को पुलिस ने घाटीगांव में चेकिंग के दौरान दबोच लिया। बदमाशों ने कार में सवार होकर लूट की वारदात को अंजाम दिया था। वारदात की सूचना पुलिस को राहगीरों ने दी थी। इसके बाद पुलिस की चेकिंग हाईवे पर शुरू हुई तो चेकिंग देखकर एक ढाबे के सामने पुलिस की निगाह से बचने के लिए खड़े हो गए थे। यह हरकत पुलिस की निगाह में आ गई और बदमाशों को गिरफ्त में ले लिया गया।
काम आती है दूसरी फोर्स की मदद
हाईवे पर चेकिंग करने के लिए पुलिस अफसरों ने आदेश तो दे दिया लेकिन पुलिस फोर्स नहीं है, ऐसी स्थिति में चेकिंग प्वाइंट लगाने के लिए दाएं-बाएं से फोर्स की मदद लेनी पड़ती है।
- हाईवे पर बनाए गए दो चेकिंग प्वाइंट्स पर चौबीस घंटे पुलिस जवान रहते हैं। इसके अलावा शाम छह से सुबह छह बजे तक पुलिस पेट्रोलिंग भी करती है।
- एडी मूवमेंट के लिए तैनात किए गए रेंज रिजर्व फोर्स, ककैटो से तिघरा आ रहे पानी की रखवाली के लिए लगाए गए होमगार्ड का उपयोग भी पुलिस इस चेकिंग में करती है।