News
Madhya Pradesh
Gwalior Gwalior भांडेर/ दतिया.
केन्द्र की सरकार मध्यप्रदेश के बुंदेलखंड में कार्य कराने के लिए पर्याप्त पैसा मुहैया करा रही है लेकिन राज्य सरकार केन्द्र द्वारा दिए जा रहे पैसे में से आधा भी खर्च नहीं कर सकी है। राज्य सरकार को केन्द्र से मिले पैसा का पूरा उपयोग करना चाहिए न कि भ्रष्टाचार। यह बात केन्द्रीय इस्पात एवं उर्वरक,रसायन मंत्री व लोजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष रामविलास पासवान ने कही। वे भांडेर के शासकीय डिग्री कालेज में स्टील अथारिटी आफ इंडिया द्वारा आयोजित दो दिवसीय स्वास्थ्य शिविर के उद्घाटन अवसर पर मुख्यअतिथि के रूप में बोल रहे थे।
केन्द्रीय मंत्री श्री पासवान ने कहा कि उन्होंने बुंदेलखंड क्षेत्र का भ्रमण किया है वहां रेगिस्तान जैसे हालात हैं। बुंदेलखंड को लेकर राजनीति की जा रही है। हमारी लड़ाई गरीबी से है, गरीब का काम होना चाहिए भाषणबाजी नहीं। केन्द्रीय मंत्री श्री पासवान ने कहा कि भांडेर में सेल के स्वास्थ्य शिविर में 25 लाख की दवाइयों के वितरण के लिए 15 हजार लोगों की व्यवस्था की गई है। कैंसर, हार्ट, नाक, कान, पेट की बीमारियों के लिए दवाइयां बाटी जा रही हैं। श्री पासवान ने कहा कि आजादी के 60 साल बाद भी गरीब दवाइयों के अभाव में दम तोड़ देता है। हम गरीब के आंसू पोंछने निकले हैं।
स्वास्थ्य शिविर को संबोधित करते हुए लोजपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष फूलसिंह बरैया ने कहा कि भांडेर क्षेत्र में गरीबी, बेरोजगारी है। यहां गरीबों की तकलीफें ज्यादा हैं। गरीब इलाज के अभाव में दम तोड़ देते हैं। श्री पासवान से जब भांडेर में स्वास्थ्य शिविर की मांग की गई तो वह सहर्ष तैयार हो गए जो कि प्रदेश सरकार के गाल पर तमाचा है। श्री बरैया ने कहा कि उन्होंने पहले भी गरीबों की लड़ाई लड़ी थी, लेकिन बसपा नेता मायावती ने उन्हें पार्टी से षड्यंत्र पूर्वक बाहर निकाल दिया एवं दिग्विजय सिंह से मिलकर मेरे खिलाफ मुकदमे दर्ज कराए।
इससे पूर्व स्टील अथॉरिटी आफ इंडिया के दो दिवसीय स्वास्थ्य शिविर का केन्द्रीय मंत्री श्री पासवान ने उद्घाटन किया। समारोह में लोजपा के प्रदेशाध्यक्ष अमरसिंह गंगवाल, सुनील बोरसे, संत कुमार, सुबोध पांचोली, जयनारायण सगर व नगर पंचायत भांडेर अध्यक्ष जमुना प्रसाद ढरिया ने माल्यार्पण कर स्वागत किया। समारोह का संचालन सुबोध पांचोली व आभार नगर पंचायत अध्यक्ष श्री ढरिया ने व्यक्त किया।
मायावती पर बोला पासवान ने हमला
केन्द्रीय इस्पात व उर्वरक, रसायन मंत्री रामविलास पासवान ने स्वास्थ्य शिविर के मंच से प्रदेश की भाजपा सरकार को तो आड़े हाथों लिया ही साथ ही मायावती पर भी निशाना साधा। श्री पासवान ने कहा कि बीएसपी नारों से देश चलाना चाहती है नारों से देश नहीं चलता है। यूपी में मायावती ने ज्योतिबा फुले के फोटो पर बैन कर दिया है वह कैसी दलित नेता है। श्री पासवान ने कहा कि हमारी लड़ाई गरीबों की लड़ाई है हमें व्यवस्था सुधारना होगी।
शिविर में तब्दील हो गई सामाजिक न्याय रैली
लोजपा द्वारा महीने भर पहले से भांडेर में 16 मई को सामाजिक न्याय रैली की घोषणा की थी। जगह-जगह सामाजिक न्याय रैली के लिए प्रचार-प्रसार किया गया, लेकिन जब कार्यक्रम हुआ तो सामाजिक न्याय रैली के जगह नि:शुल्क स्वास्थ्य शिविर लगाया गया।
ग्वालियर में शीघ्र शुरू होगा स्टील कारखाने का काम
केन्द्रीय उर्वरक, रसायन व इस्पात मंत्री रामविलास पासवान ने भांडेर में पत्रकारों से चर्चा करते हुए कहा कि ग्वालियर में शीघ्र ही स्टील कारखाने का कार्य शुरू होगा। उन्होंने बताया कि ग्वालियर में कारखाने के लिए सर्वे कार्य चल रहा है। श्री पासवान ने कहा कि मध्यप्रदेश में ग्वालियर के अलावा उज्जैन व होशंगाबाद में कारखाने लगाए जाने हैं।
इन दोनों ही जगहों पर भूमि चयन कर वहां कार्य शुरू भी कर दिया गया है। उन्होंने बताया कि ग्वालियर के डबरा में स्टील कारखाना नहीं खोला जा सकता है क्योंकि वहां पानी की समस्या है। एक प्रश्न का जवाब देते हुए श्री पासवान ने कहा कि भांडेर में अभी कारखाने का कोई प्रस्ताव नहीं है।