HomeNewsRajasthanKota Kota

विद्युत इंजन से चली ट्रेन

कोटा. रेलवे जीएम विजय कुमार मांगलिक ने शुक्रवार को सवा तीन बजे कोटा के प्लेटफार्म नम्बर 5 से कोटा-बीना खंड के कोटा-भौंरा व सीएफसीएल संस्थान, गढ़ेपान साइडिंग तक चलाई जाने वाली मालगाड़ी को हरी झंड़ी दिखाकर रवाना किया।

कोटा के प्लेटफार्म नंबर पांच पर आयोजित समारोह में जीएम मांगलिक ने मालगाड़ी के इंजन की पूजा की। रेल चालक, सहायक चालक व गार्ड को साफा पहनाया। इसके बाद हरी झंड़ी दिखाकर ट्रेन को रवाना किया गया।

समारोह में डीआरएम अरुण सक्सेना, एडीआरएम एम.बी.विजय, आरई के मुख्य परियोजना प्रबंधक अवनेश कुमार, वरिष्ठ मंडल संरक्षा अधिकारी एस.के.मेहता, विद्युतीकरण परियोजना के चेनसुख जींगर, सीएफसीएल के जीएम मेन्टेनेंस टी. श्रीनिवासन, वाइस प्रेसीडेंट विनोद मेहरा उपस्थित थे।

गुड़ला में नहीं बदलना पड़ेगा इंजन
दिल्ली से बीना रुट पर जाने वाली मालगाड़ियों का फिलहाल गुड़ला रेलवे स्टेशन पर इंजन बदलना पड़ता है। विद्युत इंजन हटाकर डीजल इंजन लगाना पड़ता है। इस कार्य में 25 मिनट लगते हैं। कोटा से भौंरा तक अब विद्युत इंजन से ही ट्रेन चलाई जा सकेगी।

नौ माह में पूरा हुआ काम
मुख्य परियोजना प्रबंधक अवनेश कुमार ने बताया कि कोटा-बीना खण्ड पर विद्युतीकरण तीन चरणों में पूरा करने का निर्णय लिया गया था। प्रथम चरण में कोटा से भौंरा सीएफसीएल साइडिंग तक 34 किमी का मार्ग शामिल था। इस रेलमार्ग पर मार्च 2007 में काम शुरु किया गया था। 9 माह की अवधि में इस कार्य को पूरा कर लिया गया।

मार्च 2010 में पूरा होगा कार्य
कोटा-बीना के 303 किलोमीटर रेलमार्ग के विद्युतीकरण मार्च 2010 तक पूरा होगा। इस पर 168 करोड़ खर्च किएजाएंगे। कोटा-भौंरा सीएफसीएल संस्थान गढ़ेपान साइडिंग तक के 34 किमी रेलमार्ग के विद्युतीकरण पर 14.75 करोड़ खर्च हुआ है।

मथुरा-रतलाम में बढ़ेंगे जनरल कोच
कोटा के यात्रियों की सुविधा के लिए अहमदाबाद-आसनसोल ट्रेन को हावड़ा तक बढ़ाने के प्रयास किए जाएंगे। साथ ही रतलाम-मथुरा व मथुरा रतलाम ट्रेन में सामान्य कोचों की संख्या शीघ्र ही बढ़ा दी जाएगी। यह जानकारी शुक्रवार को यहां रेलवे के जीएम विजय कुमार मांगलिक ने पत्रकारों से बातचीत में दी। पहली बार कोटा आए जीएम मांगलिक ने कहा कि कोटा स्टेशन परसुविधाओं के विस्तार में पैसे की कमी नहीं आने दी जाएगी।

एसी होंगे वेटिंगरूम
उच्च श्रेणी यात्रियों के प्रतीक्षालय वातानुकूलित किए जाएंगे। रेलवे जीएम मांगलिक ने इस संबंध में डीआरएम को प्रस्ताव भेजने के निर्देश दिए हैं।

प्लेटफार्म नम्बर 5 का होगा विस्तार
प्लेटफार्म नम्बर 5 का विस्तार किया जाएगा। अभी यह प्लेटफार्म केवल 18 कोच के लायक है, जिसे बढ़ाकर 24 कोच का किया जाएगा।

प्रवेश द्वार तीन होंगे
कोटा रेलवे प्लेटफार्म में प्रवेश के लिए एक मुख्य द्वार स्टेशन की मुख्य बिल्डिंग से जुड़ा है। दूसरा द्वार बुकिंग कार्यालय के पास बना हुआ है। तीसरा नया दरवाजा नए बुकिंग कार्यालय के पास बनाया जाएगा। जो, सीधा फूड प्लाजा तक जाएगा।





अपने विचार यहां लिखें
नाम:
ईमेल आईडी:
भाषा चुनॆ
हिन्दी रॊमन‌ हिन्दी फॊनॆटिक English
विचार:
कोड: