News
Rajasthan
Shekhawati Shekhawati तारानगर. वार्ड 21 स्थित कांधलान कोटड़ी मोहल्ले के लोगों ने शुक्रवार को पानी की किल्लत को लेकर तहसील कार्यालय पर प्रदर्शन कर तहसीलदार को ज्ञापन दिया। इस दौरान लगभग एक घंटे तक वार्डवासी तहसील कार्यालय में बैठे रहे।
ज्ञापन में लिखा गया कि पिछले एक माह से इस भीषण गर्मी में नलों में पानी नहीं आ रहा है। आपणी योजना व जलदाय विभाग के अधिकारियों को बार-बार ज्ञापन देने के बावजूद पेयजलापूर्ति सुचारू नहीं हुई है। ज्ञापन में लिखा गया कि एक सप्ताह में समस्या का समाधान नहीं किया गया तो वार्ड के लोगों द्वारा तहसील कार्यालय के आगे आमरण अनशन किया जाएगा। इस अवसर पर विजयसिंह, विक्रमसिंह, लक्ष्मणसिंह, सीतारामसिंह, राजेंद्रसिंह, बजरंगसिंह, सुमेरंिसह, नरपतसिंह, गिरधारीसिंह, नोपसिंह व नत्थूसिंह आदि वार्डवासी उपस्थित थे।
खारे पानी से गायें बीमार
तारानगर. कस्बे से पांच किमी दूर सरदारशहर-तारानगर मार्ग स्थित राधाकृष्ण गोशाला में पिछले दो माह से मीठा पानी उपलब्ध नहीं होने के कारण खारा पानी पीने से गोशाला में कई गायें बीमार हो गई हैं। गोशाला अध्यक्ष बाबूलाल जांगिड़ ने बताया कि गोशाला में 175 असहाय पशु है।
आपणी योजना की सप्लाई से विगत दो माह से पानी नहीं मिल रहा है। मजबूरी में पशुओं को खारा पानी खरीदकर पिलाया जा रहा है, जिसे अधिकतर पशु पी नहीं रहे है, जो पी रहे हैं वे बीमार हो रहे हैं। अध्यक्ष ने बताया कि शीघ्र ही पानी सप्लाई की व्यवस्था नहीं की गई तो तीन दिनों में जिला कलेक्टर कार्यालय के आगे धरना दिया जायेगा।
ट्यूबवैल के मुख्य पाइप में लीकेज
चूरू. सरकार व जिला प्रशासन की ओर से जल संरक्षण को लेकर अभियान चलाया जा रहा है, दूसरी ओर थोड़ी सी लापरवाही के चलते यही पानी व्यर्थ बह रहा है। वार्ड 27 स्थित सूफी साहब की दरगाह के पास स्थित ट्यूबवैल के मुख्य पाइप में हो रहे लीकेज के कारण कई दिनों से पानी व्यर्थ बह रहा है।
जानकारी के अनुसार पिछले कई दिनों से पाइप में पानी के फव्वारे छूट रहे हैं, लेकिन इसकी रोकथाम के प्रयास नहीं हुए। शुक्रवार को भास्कर टीम वहां पहुंची, तो पाइप में हो रहे लीकेज से पानी बह रहा था। उस समय कोई ड्यूटी पर भी नहीं था। आसपास पूछने पर पता चला कि कई दिनों से पानी ऐसे ही बह रहा है। इस कुएं से वार्ड 27 के घरों में पानी सप्लाई होता है। वार्ड के बाहरी क्षेत्र में कुआं होने के कारण आसपास मकान नहीं है।
वार्डो में जल संकट
नगर ब्लाक कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष भंवरलाल जसैल ने उपखंड अधिकारी को ज्ञापन देकर शहर की पेयजल व्यवस्था सुधारने की मांग की है। जसैल ने ज्ञापन में लिखा कि शहर के वार्ड एक, दो, तीन, चार, पांच, छह, सात, आठ, नौ, 10, 11, 12, 27, 29, 30, 32, 33 व 35 में पेयजल समस्या के चलते लोग परेशान हैं। ज्ञापन के जरिए चेतावनी दी गई कि 26 मई तक शहर की पेयजल व्यवस्था को नहीं सुधारा गया तो कांग्रेसजनों को धरना-प्रदर्शन, आमरण अनशन व अधिकारियों का घेराव करने के लिए बाध्य होना पड़ेगा।
दूर-दराज से पानी का जुगाड़
पड़िहारा. वार्ड 12, 13, 14 सहित कई मौहल्लों में पर्याप्त मात्रा में पेयजल आपूर्ति नहीं होने के कारण लोगों को अन्यत्र स्थान से पानी लाना पड़ रहा है। वार्ड 13 निवासी लिखमाराम प्रजापत, नत्थुराम प्रजापत, कन्हैयालाल जोगी, किशनलाल प्रजापत, आशुराम प्रजापत, पेमाराम प्रजापत एवं वार्ड 14 निवासी किशनसिंह पंवार, भंवरसिंह, सोहनलाल प्रजापत के घरों में पानी नहीं आने से ये लेाग परेशान हैं। लोगों ने उच्चधिकारियों को पत्र प्रेषित कर समस्या के समाधान की मांग की है।