News
Rajasthan
Shekhawati Shekhawati चिड़ावा. साढ़े चार दशक पहले स्थापित नेहरू बाल मंदिर प्राथमिक विद्यालय शुक्रवार सुबह बंद कर दिया गया। शिक्षा सत्र 2007-08 के अंतिम दिन स्कूल प्रबंध कमेटी ने पंडित हजारीलाल शर्मा मार्ग स्थित स्कूल बिल्डिंग के गेट पर ताला जड़कर नोटिस चस्पा कर दिया है।
स्कूल के प्रवेश द्वार पर ताला देख अनुदानित स्टाफ और छात्र-छात्राएं वहां धरने पर बैठ गया। मामले की जानकारी पर थानाधिकारी नवाब खान सहित कई लोग भी वहां इकट्ठा हो गए। बाद में तहसीलदार भागीरथमल सांख और बीईईओ कैलाशचंद्र शर्मा भी पहुंच गए। स्टाफ सदस्यों ने प्रबंध समिति के निर्णय को अनुचित बताते हुए तीनों अधिकारियों को ज्ञापन सौंपा। सुबह करीब साढ़े दस बजे ज्ञापन देने के बाद निराश-उदास स्कूल स्टाफ अपने घर लौट गया।
क्या कहता है स्टाफ
नेहरू बाल मंदिर प्राथमिक विद्यालय के स्टाफ सदस्य कुसुम शर्मा, कुसुम भटनागर, गुरूप्यारी, आशा गौड़, मंजूरानी शर्मा तथा कविता त्यागी ने प्रबंध समिति के निर्णय को गैर कानूनी बताया। उन्होंने कहा कि बिना किसी सरकारी-विभागीय आदेश के अनुदानित विद्यालय बंद करना न्यायोचित नहीं। उन्होंने प्रबंध समिति के निर्णय के खिलाफ न्यायसंगत कदम उठाने की बात कही। सात सदस्य वाले स्कूल स्टाफ ने बताया कि संस्था में कुल विद्यार्थी संख्या 285 है। विद्यालय को सरकार की ओर से 70 प्रतिशत अनुदान मिलता है, शेष पूर्ति प्रबंध समिति करती है।
कलेक्टर व डीईईओ को ज्ञापन
झुंझुनूं. राजस्थान अनुदानित शिक्षाकर्मी संघ की ओर से अनुदानित नेहरू बाल मंदिर प्राथमिक विद्यालय चिड़ावा को बंद करने के विरोध में शुक्रवार को कलेक्टर दिनेशकुमार व डीईईओ रामरतन मीणा को ज्ञापन दिया गया। शिक्षाकर्मियों ने इसके विरोध में नारे भी लगाए।
ज्ञापन में उल्लेख किया है कि प्रबंधन द्वारा अवैधानिक तरीके से बिना किसी सूचना के विद्यालय बंद करना गलत है। यह संस्था राज्य सरकार द्वारा अनुदानित संस्था है। शिक्षाकर्मियों को कलेक्टर ने आश्वासन दिया कि इस मामले में बीकानेर आयुक्त से चर्चा की जाएगी। अध्यापिका कुसुमलता शर्मा, कुसुम भटनागर, गुरुप्यारी, आशा गौड़, मंजूरानी शर्मा व कविता त्यागी ने अपनी उपस्थिति जिला मुख्यालय पर दर्ज कराई।