HomeSportsCricket Cricket

38 मैचों के बाद आया होश, अब से डोप टेस्ट

कराची/मुंबई. शोएब अख्तर उन क्रिकेटरों में शुमार हो गए हैं जिनके साथ विवादों का जुड़ना आम बात हो गई है। एक बार फिर शोएब अख्तर मुसीबत में फंस सकते हैं क्योंकि इस दफा उन पर डोपिंग का आरोप लगाया जा रहा है। इस तरह के आरोप के बाद आईपीएल में खिलाड़ियों के अचानक डोप टेस्ट की घोषणा कर दी गई है। इसके लिए स्वीडन से एक विशेष टीम बुलाई गई है।

पाकिस्तान के एक अखबार ने आरोप लगाया है कि शोएब अख्तर ने मैच से पहले कुछ वर्जित दवाओं का सेवन किया और यह भी दावा किया है कि कराची एयरपोर्ट पर उनके सामान से 36 सीरिंज मिली हैं। इस सनसनीखेज रिपोर्ट के बाद शोएब के प्रवक्ता ने इस आरोप को सिरे से खारिज कर दिया है।

दूसरी ओर, आईपीएल ने भी प्रथम दृष्ट्या इस आरोप को मानने से इंकार कर दिया है, हालांकि आईपीएल के सर्वेसर्वा ललित मोदी ने खिलाड़ियों का डोपिंग टेस्ट कराए जाने की बात कह दी है। मोदी ने शोएब से जुड़े इस तरह के आरोप को महज अफवाह बताया और कहा कि स्वीडन की टीम शुक्रवार रात पहुंच चुकी है जो बिना बताए किसी भी टीम के खिलाड़ी का डोप टेस्ट करेगी।

फिलहाल शाहरुख खान की कोलकाता नाइट राइडर्स के खिलाड़ी शोएब अख्तर पर पहले भी डोपिंग का आरोप लगा था और 2006 में उन्हें डोपिंग का दोषी पाया जा चुका है। शोएब अख्तर पर डोपिंग का आरोप लगने के बाद आईपीएल के होश संभले हैं और उसने आनन-फानन में रैंडम डोप टेस्ट की घोषणा कर दी है। ललित मोदी ने कहा कि हमने पहले भी कहा था कि बाद में डोप टेस्ट कराए जाएंगे। लेकिन मोदी ने यह कब कहा था कि शायद ही किसी को याद हो।





अपने विचार यहां लिखें
नाम:
ईमेल आईडी:
भाषा चुनॆ
हिन्दी रॊमन‌ हिन्दी फॊनॆटिक English
विचार:
कोड: