अमृतसर. मुख्यमंत्री प्रकाश सिंह बादल ने पूर्व मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह को चुनावी भगौड़ा करार दिया है। अकाली कालोनी में शुक्रवार को पार्टी उम्मीदवार इंद्रबीर सिंह बुलारिया के पक्ष में चुनाव रैली को संबोधित करते हुए बादल ने कहा कि कैप्टन कांग्रेसी उम्मीदवार नवदीप गोल्डी की हार को पहले से भांप चुके हैं।
उन्हें मालूम है कि दक्षिण हलके में कांग्रेस की हालत पतली है, इसलिए ही वह यहां चुनाव प्रचार करने नहीं पहुंचे। इसका एक और कारण भी है, कैप्टन का अरूसा के साथ मौजमस्ती करना। बादल ने कहा कि कैप्टन मनाली में अरूसा के साथ मस्ती करने में जुटे हैं। उन्होंने कहा कि कैप्टन की सेहत ठीक न होने का बयान तो बहाना है। अरूसा को देखते ही उनकी तबीयत ठीक हो जाती है।
भट्ठल हताशा में दे रही बयान
पंजाब कांग्रेस अध्यक्ष राजिंदर कौर भट्ठल द्वारा उन्हें जनरल डायर करार देने पर बादल ने कहा कि नगर निगम चुनाव, जिला परिषद एवं ब्लाक समिति चुनाव में करारी हार से हताश होकर ही भट्ठल ऐसी बयानबाजी कर रही हैं।
उसका काम ही अकालियों के खिलाफ बयानबाजी करना है, जबकि हमारा काम प्रदेश का विकास करना है। वाहेगुरु ने सबको अलग-अलग ड्यूटी सौंप रखी है। भट्ठल जो मर्जी कहे, उन्हें कोई फर्क नहीं पड़ता।
भट्ठल को अपनी कुर्सी खतरे में दिखाई दे रही है। उन्हें मालूम है कि अब अगर उपचुनाव में भी हार हुई तो उन्हें पद से हटाया जा सकता है। इस मौके पर शहरी प्रधान बावा सिंह गुमानपुरा, गुरप्रताप सिंह टिक्का, सिख स्टूडैंट फैडरेशन के प्रधान अमरबीर सिंह ढोट आदि मौजूद थे।