फिरोजपुर. पंचायती चुनाव के लिए नामांकन भरने जा रहे भाजपा के देहाती मंडल अध्यक्ष तरसेम सिंह और उनके साथियों पर यूथ अकाली दल के राष्ट्रीय महासचिव महिन्द्र सिंह विर्क ने अपने साथियों सहित निकटवर्ती गांव गिल्ला के पास हमला कर दिया।
विर्क पार्टी ने भाजपाइयों को बुरी तरह पीटा, उनकी गाड़ी भी तोड़ दी। गांव बाजा सिंह वाला के भाजपा वर्कर पंच पद के लिए नामांकन दाखिल करने के लिए फिरोजपुर आ रहे थे। विर्क का भाई भी चुनाव लड़ रहा है और वह नहीं चाहता था कि उसके भाई के खिलाफ कोई चुनाव लड़े।
इसी के चलते विर्क ने साथियों समेत भाजपा वर्करों पर लाठियों से हमला कर दिया। हमले में भाजपा के देहाती मंडल अध्यक्ष और उनके तीन साथी गंभीर रूप से घायल हो गए। चारों को सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
पुलिस ने महिन्द्र सिंह विर्क उनके भाई समेत छह लोगों पर मामला दर्ज कर लिया है। वहीं बात करने पर यूथ अकाली दल के राष्ट्रीय महासचिव महिन्द्र सिंह विर्क ने कहा कि उसने भाजपाइयों पर नहीं बल्कि कांग्रेसियों पर हमला किया था। इस तरह से अकाली नेता ने हमला करने की बात को खुद ही स्वीकार कर ली।
नामांकन पत्रों की फाइलें छीनी
फिरोजपुर के इंड्रस्टियल ट्रेनिंग इंस्टीट्यूट में अपने नामांकन पत्र दाखिल करने आए गांव चक्क अहमद वाला के कांग्रेसी समर्थकों गुरमीत कौर, प्रकाश कौर, आदि ने बताया कि अकाली-भाजपा समर्थकों सारज बग्गेवाला, श्ंिागारा सिंह व जिला परिषद सदस्य हरदेव सिंह ने उनकी फाइलें ही छीन लीं।
इसी तरह गांव निहाला लवेरा के निवासियों सुरजीत ंिसंह, गुरदीप सिंह, सुखविंदर कौर ने बताया कि उनसे भी अकाली-भाजपा समर्थकों कुलदीप सिंह उर्फ लट्टू व प्यारा सिंह ने फाइलें छीन लीं। कुछ गांव के लोगों ने बताया कि अधिकारियों ने उनके नामांकन ही दाखिल नहीं किए। अधिकारियों और नेताओं के कहने पर नामांकन दाखिल किए गए तो कोई रसीद नहीं दी गई।
नामांकन दाखिल नहीं किया तो फायरिंग
उधर, मक्खू में अधिक रश होने के चलते रिटर्निग अधिकारी ने जब तीन बजे के पश्चात नामांकन लेने से मना कर दिया तो काफी देर से लाइन में खड़े तलवंडी नेपालां से कांग्रेसी प्रत्याशी प्रीतम सिंह व उनके समर्थकों ने पहले तो बीडीपीओ कार्यालय पर पथराव किया, इसके बाद प्रीतम सिंह ने अपनी बंदूक से दो हवाई फायर किए और पंजाब सरकार के विरुद्ध साथियों के साथ नारेबाजी की। मौके पर पहुंच पुलिस ने मामले को संभाला। प्रीतम सिंह ने आरोप लगाया कि अधिकारी ने अकालियों की शह पर जानबूझ कर उनके नामांकन नहीं लिए।
कांग्रेसी नामांकन पत्र लेकर भागे
भास्कर न्यूज
सुनाम (संगरूर).
पंचायत चुनाव के लिए नामांकन पत्र दाखिल करने के अंतिम दिन कुछ कांग्रेसी नेता उम्मीदवारों के जमा नामांकन पत्र उठाकर फरार हो गए। पुलिस ने कांग्रेस नेताओं सहित एक दर्जन व्यक्तियों के विरुद्ध मामला दर्ज कर लिया है।
अधिकारी शक्ति कुमार ने बताया कि नामांकन पत्र दाखिल करने हेतु शाम ३ बजे तक का समय था। ३:२क् बजे यूथ कांग्रेस के जिला अध्यक्ष राजिन्द्र राजा उनके पास आए और कांग्रेस उम्मीदवार का नामांकन दाखिल करने को कहा। उन्होंने नामांकन लेने से इनकार कर दिया।
उक्त नेताओं ने पार्टी के नेता अमन अरोड़ा को वहां बुलाया। आरोप है कि उक्त नेता अपने समर्थकों सहित उसके पास जमा करीब १२-१५ उम्मीदवारों की नामांकन फाइलें उठाकर फरार हो गए और एआरओ वरिन्द्र सिंह से भी हाथापाई की। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।
मानसा और मोगा में भी धक्केशाही
मानसा में भी अकालियों की शह पर र्रिटनिग अधिकारियों ने कांग्रेसियों के नामांकन पत्र भी जमा नहीं किए। मानसा, सरदूलगढ़, बरेटा और भीखी में अधिकारियों ने काफी मात्रा में कांग्रेसियों के नामांकन दाखिल नहीं किए।
कांग्रेसियों ने देर शाम डीसी सुरजीत सिंह के निवास के बाहर धरना दिया और शिकायत चुनाव आयोग को भेजी है। उधर, मोगा में मुख्य संसदीय सचिव शीतल सिंह ने सरेआम दादागीरी दिखाई। भाजपा समर्थित 13 उम्मीदवारों के नामांकन ही दाखिल नहीं किए, जबकि ये लोग 12.00 बजे से लाइन में खड़े थे।