HomeNewsPunjabAmritsar Amritsar

अमृतसर दक्षिण में अर्धसैनिक बल!

अमृतसर. 22 मई को हो रहे हलका दक्षिण के उप चुनाव में अर्धसैनिक बलों की तैनाती की कांग्रेस की कई दिनों से चली आ रही मांग पूरी होती नजर आ रही है। केंद्रीय चुनाव आयोग किसी भी समय इस संबंधी आदेश जारी कर सकता है।

शुक्रवार को मुख्य चुनाव आयुक्त ने पंजाब कांग्रेस की प्रधान राजिंदर कौर भट्ठल के नेतृत्व में मुलाकात करने के लिए दिल्ली पहुंचे प्रतिनिधिमंडल को अर्ध सैनिक बलों की तैनाती का आश्वासन दिया। जिला परिषद तथा ब्लाक समिति के चुनाव में हुई हिंसा के बाद तो कांग्रेस ने दावा किया था कि 22 मई को सरकारी गुंडागर्दी का साया वोटरों को प्रभावित करेगा।

सीआरपीएफ या बीएसएफ की देखरेख में मतदान कराने की मांग लेकर पंजाब कांग्रेस के कई नेताओं ने दिल्ली जा कर चुनाव आयोग तक अपनी आवाज पहुंचाई। कांग्रेसियों ने राष्ट्रपति प्रतिभा पाटिल से भी मुलाकात की और राज्य की कानून-व्यवस्था की जानकारी देकर उनसे राज्य में राष्ट्रपति शासन लगाने का अनुरोध किया।

गृहमंत्री शिवराज पाटिल से बैठक कर भट्ठल ने एसजीपीसी के खातों की जांच करवाने के लिए आब्र्जवर भेजने को कहा। उन्होंने कहा कि श्रद्धालुओं के पैसे को राजनीति में लगाया जा रहा है तथा एसजीपीसी कर्मियों को प्रचार में लगाकर गुरुद्वारा एक्ट का उल्लंघन किया जा रहा है।

पाटिल ने उन्हें भरोसा दिलाया कि पंजाब की शांति के लिए जरूरी कदम उठाया जाएगा। एक कांग्रेसी नेता के अनुसार दक्षिण हलके के हर बूथ पर अर्ध सैनिक बलों के करीब पांच जवानों की ड्यूटी लगाई जाएगी।

इस मौके पर भट्ठल के साथ केंद्रीय मंत्री अंबिका सोनी, अश्वनी कुमार, सांसद राणा गुरजीत सिंह, परनीत कौर, महिंदर सिंह गिल, पंजाब कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष शमशेर सिंह दूलो, एचएस हंसपाल, पूर्व सांसद जगमीत सिंह बराड़, इकबाल सिंह, पंजाब कांग्रेस के कार्यकारी प्रधान महिंदर सिंह केपी, पंजाब कांग्रेस के पूर्व प्रधान वरिंदर कटारिया, मुख्य प्रवक्ता बीर दविंदर सिंह, पूर्व डिप्टी स्पीकर दरबारी लाल, पूर्व मंत्री सुरिंदर सिंगला, पूर्व मंत्री हरनाम दास जौहर, मनीश तिवारी, परमिंदर सिंह पिंकी, संतोष चौधरी आदि थे।





अपने विचार यहां लिखें
नाम:
ईमेल आईडी:
भाषा चुनॆ
हिन्दी रॊमन‌ हिन्दी फॊनॆटिक English
विचार:
कोड: