HomeManoranjanCinemaBollywood Bollywood

आमिर को मिले दो और इडियट्स

मुंबई.aamir आमिर खान ने ‘अंदाज अपना-अपना’ और ‘इश्क’ नामक फिल्मों के माध्यम से यह जाहिर कर दिया है कि वे संजीदा फिल्मों के अलावा कॉमेडी में भी कमाल कर सकते हैं। अब वे राजकुमार हिरानी की ‘थ्री इडियट्स’ के प्रमुख इडियट बन रहे हैं यह तो सभी को पता है, लेकिन उनके साथी दो इडियट्स भी चुन लिए गए हैं।

आमिर खान इन दिनों अपने ब्लॉग की खबरों को लेकर निरंतर चर्चाओं में बने हुए हैं। उन्होंने शाहरुख को लेकर कुत्ते वाली जो बात कही है उसे रिपीट करना उचित नहीं है। अत: बेहतर यही है कि अब आगे की बात की जाए।

गौरतलब है कि ‘मुन्नाभाई’ के बाद निर्देशक और कॉमेडी की दुनिया के किंग माने जाने वाले राजकुमार हिरानी ‘थ्री इडियट्स’ नामक फिल्म बनाने जा रहे हैं। इसके लिए मुख्य नायक के रूप में संजीदा भूमिका निभाने वाले आमिर खान का चयन किया गया था। मतलब तीन इडियट्स में से एक बड़े इडियट का चुनाव तो हो गया था।

अब बचे थे दो इडियट जिनके चयन को लेकर हिरानी बड़े परेशान थे। लेकिन अब हिरानी की समस्या का समाधान हो गया है। यानी कि उन्हें फिल्म के लिए दो और इडियट्स मिल गए हैं। इनमें से एक हैं मसखरे शर्मन जोशी और तीसरे के रूप में आर.माधवन का नाम लगभग तय माना जा रहा है। बस कुछ औपचारिकताएं पूरी होनी हैं। खुद राजकुमार हिरानी ने ही अपनी फिल्म के दो अन्य इडियट्स की जानकारी दी।

यह फिल्म मशहूर लेखक चेतन भगत के उपन्यास ‘फाइव प्वाइंट समवन’ पर आधारित है। आमिर की नायिका करीना कपूर बनने जा रही हैं। आमिर ने भी पहले कई कॉमेडी किरदार निभाए हैं और वे इस फिल्म में भी खूब हंसाएंगे। जुलाई या अगस्त से फिल्म की शूटिंग शुरू होने की पूरी संभावना है।

करीना स्वयं भी इस फिल्म को लेकर काफी उत्साहित हैं। उनका कहना है कि इस समय के निर्देशकों में राजकुमार हिरानी नंबर वन पर हैं और हर कोई उनके साथ काम करना चाहता है। दूसरी बात आमिर की नायिका बनना भी उनका पुराना सपना था जो इस फिल्म से पूरा हो रहा है।





अपने विचार यहां लिखें
नाम:
ईमेल आईडी:
भाषा चुनॆ
हिन्दी रॊमन‌ हिन्दी फॊनॆटिक English
विचार:
कोड: