
जयपुर. सिलसिलेवार बम धमाकों के लिए ज़िम्मेदार लोगों के बारे में पुलिस के हाथ फ़िलहाल कोई अहम सुराग नही लगा है, हालाँकि पुलिस सात संदिग्ध लोगों के स्केच जारी कर चुकी है। मंगलवार को हुए धमाकों में 63 लोग मारे गए थे और अनेक अन्य घायल हो गए थे।
पुलिस का विशेष ध्यान बांग्लादेशी नागरिकों पर है क्योंकि धमाकों मे एक बंगलादेशी गुट का नाम सामने आया है। जयपुर पुलिस के उपमहानिरीक्षक सौरभ श्रीवास्तव ने बीबीसी को बताया, "विशेष जाँच दल ने सवाई माधोपुर के प्रतिबंधित इस्लामी छात्र संगठन सिमी के एक कार्यकर्ता को हिरासत में लिया है और उनसे पूछताछ चल रही है।"
पुलिस का कहना है की बंगलादेशी नागरिकों से भी पूछताछ की जा रही है और जयपुर में रहने वाले चालीस ऐसे बांग्लादेशी नागरिक हैं जिनका आपराधिक इतिहास है। राज्य सरकार ने जाँच की दिशा पर संतोष व्यक्त किया है और कहा है कि पुलिस दूसरे राज्यों के साथ संपर्क में है। जाँच के लिए एक विशेष टीम गठित कर दी गई है जो पूछताछ और खोजबीन कर रही है।
पुलिस ने इन धमाकों मे कथित तौर पर लिप्त तीन और संदिग्ध लोगों के रेखा-चित्र जरी किए है। चार लोगों के रेखा-चित्र पहले ही जारी किए जा चुके हैं। पुलिस बीस लोगों से पूछताछ कर चुकी है।
पुलिस के अनुसार विस्फोट करने वालों ने घटना के दिन जयपुर के किशनपोल बाज़ार की आठ दुकानों से साइकिलें ख़रीदी थीं। इनमें से दो के बारे में निश्चित तौर पर पता नही चला है की वे किस दुकान से खिरीदी गई थीं।
श्रीवास्तव कहते हैं, "इन घटनाओं में दस साइकिलें इस्तेमाल हुई थीं। इनमें से एक में विस्फोट नही हुआ। आठ जगहों पर नौ साइकिलें थीं, एक स्थान पर दो साइकिलें थीं, जो जयपुर मे चांदपोल हनुमान मंदिर के पास रखी गई थीं। इनमें से अब दो साइकिलों के विक्रेता के बारे में पता नही चल सका है।"
संबंधित खबरें
* इंतजामात नाकाफी
* डेढ़ घंटे घूमते रहे बम
* मैंने उस आतंकवादी को देखा था : होटल मालिक
* 'पूरे नहीं होने दिए जाएंगे नापाक इरादे'