श्रीनगर. जम्मू कश्मीर के पुलवामा जिले में सुरक्षा बलों ने आज आतंकवादी संगठन जैश-ए-मुहम्मद के दो स्थानीय कमांडरों समेत छह आतंकवादियों को मार गिराया।
केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) के गश्ती दल पर आतंकवादियों ने दक्षिणी कश्मीर के तराल शहर के लुरेम जागीर के जंगलों में गोलीबारी की। जवाब में सुरक्षा बलों ने गोलीबारी शुरू कर दी, जिसमें छह आंतकावादी मारे गए।
एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि आतंकवादियों द्वारा हथियार डालने से इंकार करने के बाद शुरू हुई भिड़ंत में मारे गए सभी आतंकवादी जश ए मुहम्मद संगठन के थे।
घटना के बाद 42वीं राष्ट्रीय राइफल, सीआरपीएफ और स्थानीय पुलिस का विशेष कार्रवाई दस्ता इलाके में संयुक्त रूप से छापेमारी कर रहा है।
दो आतंकवादियों की पहचान जश ए मुहम्मद के कमांडर जावेद अहमद लोन उर्फ अरसलन और वसीम हसन अहंगर उर्फ कैरी असिफ के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार अन्य चार आंतकवादी पाकिस्तानी नागरिक थे।
पुलिस ने दावा किया है कि राज्य में आतंकवादियों के विरूद्ध चलाए गए अभियान में उसे बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने चार एके 56 राइफल, दो एके 47 राइफल, 21 मैगजीन, चार वायरलेस सेट, 10 मोबाइल फोन, 32 हजार रुपये और छह ग्रेनेड बरामद किए हैं, जिसमें दो पाकिस्तान निर्मित और चार चीन निर्मित थे।